गौतम बुद्ध नगर में शीतलहर का कहर, कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 15 जनवरी तक बंद

Share This Article

गौतम बुद्ध नगर।
भीषण शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में सभी बोर्ड से संबद्ध कक्षा 8 तक के स्कूल 15 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता

बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि अत्यधिक ठंड के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने बच्चों को घर पर रहकर ठंड से बचाव करने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।

नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में यदि कोई स्कूल नियमों का उल्लंघन करते हुए खुला पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मान्यता रद्द करने तक की कार्रवाई हो सकती है, ताकि भविष्य में ऐसे उल्लंघनों पर रोक लगाई जा सके।

अभिभावकों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे आदेश का पालन करें और बच्चों को घर पर ही सुरक्षित रखें। बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं और घर के भीतर सुरक्षित गतिविधियों के लिए प्रेरित करें।

मौसम का हाल: हवाओं से बढ़ी ठंड

शनिवार को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह धूप खिली रही, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते सुबह-शाम ठंडक बनी रही।

मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, इन दिनों हवाएं 10–12 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही हैं और अगले 4–5 दिन तक यही स्थिति बनी रह सकती है। इस सप्ताह बारिश की संभावना नहीं है; दोपहर में धूप रहेगी, जबकि सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार तक मौसम शुष्क रहेगा। सोमवार से एक बार फिर तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे शाम से सुबह तक ठंड बढ़ेगी, हालांकि दिन में धूप से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This