UP Weather: घना कोहरा, कड़ाके की ठंड और स्कूलों की छुट्टी, 37 जिलों में अलर्ट जारी

UP Weather

Share This Article

UP Weather: वेस्ट यूपी में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड लोगों पर भारी पड़ रही है। सोमवार की सुबह भी क्षेत्र में कोहरे की घनी चादर देखने को मिली। बीते कई दिनों से लगातार छाए कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम हो रही है, जिससे सड़क और हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। यूपी में भीषण ठंड के कारण आज से 1 जनवरी तक के लिए 12वीं तक के स्कूल बंद हैं। शामली में घने कोहरे कारण वाहन चालक लाइट जलाकर निकले।

सर्द हवाओं और धूप की कमी से बढ़ी ठिठुरन, यातायात और जनजीवन पर असर

सर्द हवाओं के चलते ठंड का प्रकोप और तेज हो गया है। धूप कमजोर रहने के कारण तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। लोगों को दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिल रही है।

घने कोहरे के कारण ट्रेनें और बसें भी देरी से चल रही हैं। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सड़क पर दृश्यता 10 से 20 मीटर तक सिमट गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

UP Weather

29 दिसंबर से लागू होगा नया समय

सरकारी आदेश के अनुसार, 29 दिसंबर से माध्यमिक विद्यालयों के खुलने और बंद होने का समय परिवर्तित किया गया है। अब स्कूल सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। इससे पहले विद्यालयों का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक निर्धारित था। इस बदलाव के साथ ही स्कूलों की दैनिक अवधि में एक घंटे की कटौती कर दी गई है, जिससे छात्रों को अत्यधिक ठंड में बाहर निकलने से राहत मिलेगी।

प्रदेशभर में लागू होगा आदेश

माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव की ओर से जारी यह निर्देश उत्तर प्रदेश के सभी माध्यमिक विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। उन्होंने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को निर्देश दिए हैं कि अगले आदेश तक विद्यालय इसी निर्धारित समय के अनुसार संचालित किए जाएं। इसका पालन सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को करना अनिवार्य होगा।

सीएम योगी के आदेश के बाद बदली प्रभावी तिथि

हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों के लिए 1 जनवरी तक अवकाश घोषित किए जाने के कारण यह नया समय अब 2 जनवरी से प्रभावी माना जाएगा। मुख्यमंत्री का यह आदेश प्रदेश के सभी बोर्ड और सभी प्रकार के स्कूलों पर लागू होगा, जिससे छात्रों को ठंड से अतिरिक्त राहत मिलेगी।

कुछ जिलों में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल बंद

भीषण ठंड को देखते हुए रायबरेली, गोंडा, अयोध्या और वाराणसी जिलों में कक्षा आठ तक के विद्यालयों को 29 और 30 दिसंबर को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। हालांकि इन दिनों में शिक्षकों और अन्य स्कूल कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा और प्रशासनिक कार्य यथावत चलते रहेंगे।

ग्रामीण इलाकों में हालात ज्यादा खराब, 48–72 घंटे तक राहत नहीं, मौसम वैज्ञानिक का अनुमान

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और ज्यादा गंभीर बनी हुई है। खेतों में काम करने वाले किसान और मजदूर ठंड और कोहरे से परेशान हैं। शहरी क्षेत्रों में अलाव और गर्म कपड़ों के बावजूद ठंड से बचाव पूरी तरह नहीं हो पा रहा है, न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने सोमवार को वेस्ट यूपी के 37 जिलों में अत्यंत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। आगरा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, शामली, मेरठ, गोरखपुर सहित कई जिले कोहरे की चादर में लिपटे नजर आए। रविवार को घने कोहरे की वजह से आगरा, प्रयागराज, कानपुर और सहारनपुर में दृश्यता शून्य हो गई। वहीं फतेहपुर में 10 मी., मेरठ में 15 मी. और हमीरपुर में 20 मीटर दृश्यता दर्ज हुई। 6.7 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ मेरठ और इटावा में सबसे ठंडी रात रही।

UP Weather

कड़ाके की ठंड के आसार

मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, आगरा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं और आसपास के जिलों में सोमवार को शीत दिवस की संभावना है। इन जिलों में अधिक ठंड पड़ेगी और जनजीवन प्रभावित रहेगा।

वेस्ट यूपी में कोहरे और ठंड का यह दौर लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर लोगों को सावधानी बरतते हुए यात्रा और दैनिक कार्य करने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: जयबाण तोप: जयगढ़ किले की विशाल तोप जो इतिहास में चली एक बार और बना दिया तालाब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

Are You Satisfied DD News UP

Also Read This