नानपारा (बहराइच)। लूटी गई बाइक से Nepal भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों के साथ एसओजी और नानपारा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में एक अन्य आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बाबागंज निवासी एक व्यक्ति से आठ दिसंबर को नहर पटरी के पास बदमाशों ने बाइक और 5100 रुपये नकद लूट लिए थे। इस मामले में कोतवाली नानपारा में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि रविवार तड़के करीब तीन बजे सूचना मिली कि लूटकांड के आरोपित नेपाल की ओर भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसओजी प्रभारी मनोज कुमार और नानपारा कोतवाल राजनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नेपालगंज रोड पर हांड़ा बसेहरी गांव के पास वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया। बाइक सवार बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह और क्षेत्राधिकारी पयाग सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल बदमाश को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें : G RAM G क्या है? मनरेगा की जगह लेने वाले नए कानून की पूरी ABCD
गिरफ्तार बदमाश की पहचान श्रावस्ती निवासी दीपक कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से बाबागंज निवासी व्यक्ति से लूटी गई बाइक, एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। सभी बरामद सामान को सीज कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपित लूटी गई बाइक से नेपाल जाने की योजना बना रहे थे। एएसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश से फरार साथी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।