Kashi Dev Deepawali: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित काशी देव दीपावली इस बार पुरानी आध्यात्मिक परंपरा और आधुनिक तकनीक के मेल से खास बन गई। गंगा के घाटों पर जलते दीपों की लंबी कतारों ने पूरे शहर को रोशनी से भर दिया, वहीं आसमान में ड्रोन शो, ऐतिहासिक इमारतों पर 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और गंगा पार ग्रीन आतिशबाजी ने इस आयोजन को एक नया रूप दिया।
पहली बार हुए ड्रोन शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें भी आसमान में दिखाई दीं।
एक तरफ गंगा तट पर लाखों दीप सनातन परंपरा और आस्था का भाव लिए जल रहे थे, तो दूसरी तरफ तकनीक के जरिए काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नए तरीके से दिखाया गया। रोशनी, संगीत और तकनीक के इस मेल ने बाहर से आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए इस पर्व को यादगार बना दिया।
2100 मेक इन इंडिया ड्रोन से आसमान में उभरी आकृतियां
इस बार काशी देव दीपावली के मौके पर गंगा पार रेतीले इलाके में पहली बार 2100 मेक इन इंडिया ड्रोन का शो (Make in India drone) हुआ। करीब 10 मिनट चले इस 2100 ड्रोन शो में थ्री-डी एनिमेशन (3D animation) तकनीक के सहारे ड्रोनों ने आसमान में 15 अलग-अलग आकृतियां बनाईं। रोशनी के बिंदुओं को जोड़कर बनी इन संरचनाओं का धार्मिक और सांस्कृतिक मतलब हिंदी वॉयस ओवर (hindi voice over) के जरिए दर्शकों को समझाया गया।
आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य बने। इसके अलावा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की आकृतियां भी दिखाई दीं। संगीत और रोशनी के तालमेल ने काशी की विरासत को स्क्रीन और आसमान के जरिए जीवंत किया।

काशी-कथा शो में दिखी धार्मिक यात्रा और परंपराएं
चेत सिंह किला घाट पर करीब 25 मिनट का ‘काशी-कथा’ 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया गया। इस ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति में काशी की धार्मिक यात्रा, परंपराओं और संस्कृति को गंगा तट की ऐतिहासिक इमारतों पर उकेरा गया। शंखनाद और डमरू की आवाज के साथ शुरू हुए इस शो में एनामॉर्फिक एलईडी दृश्य, संगीत और कथावाचन शामिल रहे।
आगे भगवान गणेश की कथा, शिव-पार्वती विवाह, देव दीपावली की पौराणिक मान्यता और मां गंगा की महिमा को दृश्यों के माध्यम से दिखाया गया। भगवान श्रीहरि विष्णु के चक्र और पुष्करिणी कुंड से जुड़े प्रसंगों के साथ गंगा की स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। अंत में करीब आठ मिनट के लेजर शो ने ऐतिहासिक इमारतों और गंगा तट को रंग-बिरंगी रोशनी से सजा दिया।
शिव भजनों के साथ ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन
ललिता घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में शिव भजनों की धुन पर ग्रीन आतिशबाजी की गई। आयोजकों के मुताबिक, इसमें देश में पहली बार आठ इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का इस्तेमाल किया गया। करीब 10 मिनट चले इस प्रदर्शन में रंग बदलती आकृतियों और पैटर्न ने लोगों का ध्यान खींचा। ‘हर-हर महादेव शंभू’, ‘डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम्’, ‘मेरा भोला है भंडारी’ और ‘महाकाल’ जैसे भजनों पर नौ से दस संगीत ट्रैकों के साथ यह ग्रीन आतिशबाजी हुई।
मंदिरों, घाटों और सड़कों पर खास सजावट
योगी सरकार की पहल पर ड्रोन, लेजर और ग्रीन आतिशबाजी के साथ काशी की पारंपरिक सजावट पर भी ध्यान दिया गया। मंदिरों और घाटों पर फसाड लाइटिंग की गई, जबकि सड़कों के बिजली के खंभों पर तिरंगे रंग की स्पाइरल झालरें लगाई गईं। इस तरह देव दीपावली पर काशी ने अपनी परंपरा को आधुनिक प्रस्तुतियों के साथ लोगों के सामने रखा।
यह भी पढ़ें: Meerut hotel case: मेरठ होटल कांड का फरार आरोपी सलमान गिरफ्तार, पुलिस घेराबंदी में भागते समय पुल से गिरकर हुआ घायल






