Kanpur Leopard Attack : उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेंदुए के हमले से एक गांव में अफरा-तफरी मच गई। महाराजपुर थाना क्षेत्र के कर्ण गांव में गेंदा फूल के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब 9 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, वन विभाग और पुलिस की टीमें तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान चला रही हैं।
गेंदा फूल के खेत में छिपा तेंदुआ
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच ग्रामीणों ने गांव के आसपास एक तेंदुआ देखा। इसकी खबर फैलते ही उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे। इसी दौरान तेंदुआ रामसजीवन के गेंदा फूलों के खेत में जाकर छिप गया। ग्रामीणों को लगा कि तेंदुआ खेत में फंस गया है और उसे आसानी से पकड़ा जा सकता है। इसके बाद करीब 12 ग्रामीणों ने खेत को चारों तरफ से घेर लिया। हालांकि, तेंदुए को पकड़ने की कोशिश के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए।
अचानक ग्रामीणों पर झपट पड़ा तेंदुआ
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। तेंदुए के झपटते ही मौके पर भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान रामकेश समेत कई ग्रामीण घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर करीब 50 ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तेंदुए को घेरने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार हमला करता रहा। इस दौरान कई अन्य लोग भी उसकी चपेट में आ गए। कुछ ही देर में खेत के आसपास चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मदद के लिए पहुंचे लोगों पर भी हमला
इस घटना में मदारपुर निवासी मोहित शर्मा भी घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि वह खेत में फसल काट रहे थे, तभी तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। वहीं, घायल रवि निषाद के मुताबिक, उनके खेत में गेंदा फूल की खेती है। तेंदुए ने पहले एक व्यक्ति पर हमला किया था। उसकी चीख सुनकर वह मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया। किसी तरह वहां से भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुए के हमले में 5 से 6 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वन विभाग की टीम कर रही तेंदुए की तलाश
घटना के बाद वन विभाग और पुलिस की टीमें तेंदुए की तलाश में जुट गई हैं। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों से कहा गया है कि वे बच्चों को अकेले घर से बाहर न निकलने दें और खेतों की ओर अकेले जाने से बचें। वन विभाग के मुताबिक, कर्ण गांव नदी के किनारे बसा है और आसपास जंगल भी मौजूद हैं। ऐसे में जंगली जानवरों के गांव की ओर आने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे तेंदुए को पकड़ने या घेरने की खुद कोशिश न करें। वन विभाग की टीम के पहुंचने तक सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह की हलचल की जानकारी तत्काल पुलिस या वन विभाग को दें।
यह भी पढ़ें: Kashi Dev Deepawali 2026: 11 लाख दीये, ऑडियो गाइड लॉन्च और 40 देशों के मेहमान






