Meerut News : मेरठ में सेना ने 3 दिन में की 413 आंखों की सर्जरी, 60 दृष्टिहीन मरीजों को मिली नई उम्मीद

Share This Article

Meerut News : उत्तर प्रदेश के मेरठ में सेना की चिकित्सा सेवाओं ने ऑपरेशन दृष्टि के तहत एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सैन्य अस्पताल मेरठ में आयोजित मेगा सर्जिकल आई कैंप में महज तीन दिनों के भीतर 413 मरीजों की आंखों की सफल सर्जरी की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अब तक का यह सबसे बड़ा नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर रहा। खास बात यह है कि इनमें करीब 60 मरीज ऐसे भी थे, जो पूरी तरह अपनी आंखों की रोशनी खो चुके थे। ऑपरेशन के बाद इन मरीजों के जीवन में फिर से उजाले की उम्मीद जगी है।

इस शिविर की तैयारी के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में पहले ही स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया था। बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, शामली और मुरादाबाद में 12 हजार से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें जरूरतमंद मरीजों का चयन कर निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई।

ऑपरेशन दृष्टि के तहत 413 सफल सर्जरी

मेरठ के सैन्य अस्पताल में 22 से 24 नवंबर तक मेगा सर्जिकल आई कैंप आयोजित किया गया। इसमें मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, विट्रियो-रेटिनल और टेरिजियम से जुड़ी कुल 413 सर्जरी की गईं। ब्रिगेडियर डॉ. संजय कुमार मिश्रा के मुताबिक, इस शिविर में करीब 60 ऐसे मरीज भी पहुंचे थे, जो पूरी तरह दृष्टिहीन हो चुके थे और रोजमर्रा के कामों के लिए परिवार के सदस्यों पर निर्भर थे।

उन्होंने बताया कि शिविर के लिए पिछले दो महीने से अलग-अलग जिलों में स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा था। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को मेरठ बुलाकर ऑपरेशन की सुविधा दी गई। तीन दिनों में इतनी बड़ी संख्या में सर्जरी करना मेडिकल टीम के लिए बड़ी चुनौती थी।

दृष्टिहीन मरीजों के जीवन में लौटी रोशनी

इस शिविर की सबसे खास बात उन मरीजों का इलाज रहा, जो लंबे समय से आंखों की रोशनी खोने के कारण परेशान थे। ब्रिगेडियर डॉ. संजय कुमार मिश्रा ने एक युवा मरीज का उदाहरण भी साझा किया। कोविड के दौरान ठेला चलाकर परिवार का खर्च चलाने वाले इस युवक की एक आंख दुर्घटना में खराब हो गई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपना इलाज नहीं करा पा रहा था।

ऑपरेशन दृष्टि शिविर में उसका सफल ऑपरेशन किया गया। अगले दिन जब उसकी खुशी सामने आई तो चिकित्सा अधिकारियों ने भी इसे टीम के प्रयासों का खास पल बताया। ब्रिगेडियर मिश्रा के अनुसार, आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) की सर्जिकल टीम ने सुबह करीब पांच से साढ़े पांच बजे के बीच ऑपरेशन शुरू किए और रात दस बजे तक काम किया। प्रतिदिन 125 से 150 तक सर्जरी की गईं। इसमें डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों और पैरामेडिकल स्टाफ ने लगातार काम किया।

सेना देश के दूरदराज इलाकों तक पहुंचा रही इलाज

मंगलवार को ऑपरेशन दृष्टि के 13वें शिविर का समापन समारोह मेरठ के सैन्य अस्पताल में आयोजित किया गया। सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवाओं के महानिदेशक एयर मार्शल संदीप थरेजा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन दृष्टि का उद्देश्य सिर्फ आंखों की सर्जरी करना नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन की गुणवत्ता बेहतर करना है।

उन्होंने अभियान के ध्येय वाक्य ‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’ का उल्लेख करते हुए बताया कि सेना उन क्षेत्रों तक आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचा रही है, जहां इलाज की उपलब्धता सीमित है। एयर मार्शल के मुताबिक, अब तक इस अभियान के तहत 1.70 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग और करीब 3,900 से अधिक सर्जरी की जा चुकी हैं। मेरठ इस अभियान का 13वां पड़ाव रहा। इससे पहले उधमपुर, लेह, तंगधार, श्रीनगर, लक्षद्वीप, बागडोगरा, नामकुम और रायरंगपुर समेत कई क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।

सैनिकों और उनके परिवारों की सेवा पर जोर

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने मेरठ को वीरों और क्रांति की भूमि बताते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का किसान खेतों में और सैनिक सीमा पर देश की सेवा करता है। सैनिक जब सीमा पर तैनात रहता है, तब पूरा देश सुरक्षित रहता है। इसलिए सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें सम्मान और जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए।

डॉ. तोमर ने कहा कि जिन लोगों की आंखों की रोशनी लौटाने में चिकित्सकों ने मदद की है, उनके लिए यह नया जीवन मिलने जैसा है। उन्होंने मेडिकल टीम के प्रयासों की सराहना की।

चिकित्सा टीम के अधिकारियों को किया सम्मानित

समापन समारोह में शिविर को सफल बनाने वाले डॉक्टरों और चिकित्सा अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इनमें ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल रजत चौधरी, लेफ्टिनेंट कर्नल रवि चौहान, लेफ्टिनेंट कर्नल आशुतोष कुमार गुप्ता, लेफ्टिनेंट कर्नल नवीन, लेफ्टिनेंट कर्नल अनुराधा और लेफ्टिनेंट कर्नल सृष्टि सहित कई अधिकारी शामिल रहे।

मेजर जनरल सुमित राणा ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस शिविर की सफलता में मेडिकल टीम, स्क्रीनिंग स्टाफ, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल कर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

यह भी पढ़ें: Kashi Dev Deepawali 2026: 11 लाख दीये, ऑडियो गाइड लॉन्च और 40 देशों के मेहमान

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This