Mathura Road Accident : उत्तर प्रदेश के मथुरा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। थाना जैत क्षेत्र में हाईवे पर एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मथुरा सड़क हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के मुताबिक, हादसा थाना जैत क्षेत्र में हाईवे पर हुआ। यहां सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी।
इस भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान रुद्र (4), कान्हा (10), रूबी (32) और ज्योति (30) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही थाना जैत पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकराई थी। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच में कार की गति, चालक की स्थिति और हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।







