Lucknow News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पारा थाना क्षेत्र के सदरौना में चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे बदमाशों का पुलिस से सामना हो गया। इस दौरान जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है।
लखनऊ पुलिस मुठभेड़ कैसे हुई?
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात पारा पुलिस को सूचना मिली थी कि सदरौना स्थित आम के बाग में कुछ लोग चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने एसओजी टीम से संपर्क किया और संयुक्त कार्रवाई की तैयारी की। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसके साथी मौके से फरार हो गए।
मुठभेड़ में आरिफ घायल, अस्पताल में भर्ती
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल आरोपी की पहचान आरिफ के रूप में हुई है। वह मानक नगर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पारा पुलिस को बदमाशों के एकत्र होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसओजी टीम के साथ कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शराब की दुकानों में चोरी की कई वारदातों का खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरिफ ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर शराब की दुकानों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उसने करीब एक सप्ताह पहले आलमनगर स्थित शराब की दुकान में भी चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से दो मोटरसाइकिल, एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और चोरी की दूसरी घटनाओं में उनकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ के बाद फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। इसके लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में जांच करने के साथ आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।







