Lucknow News : लखनऊ में अगले चार दिन देश और दुनिया की जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं के नाम रहने वाले हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 23 से 26 नवंबर तक ‘अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में होने वाले इस आयोजन में देश के अलग-अलग राज्यों के कलाकार अपनी पारंपरिक कला और संस्कृति की झलक दिखाएंगे। खास बात यह है कि कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार भी इस उत्सव में शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव कब और कहां होगा?
लखनऊ में आयोजित होने वाला यह चार दिवसीय उत्सव 23 नवंबर से शुरू होकर 26 नवंबर तक चलेगा। इसका आयोजन गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में किया जाएगा। उत्सव में जनजातीय समाज की जीवनशैली, परंपराओं, संगीत, नृत्य और हस्तशिल्प को करीब से जानने का मौका मिलेगा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक शिल्प मेले का आयोजन होगा। यहां लोग जनजातीय हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को देख सकेंगे। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम हर दिन शाम 5 बजे से शुरू होंगे।
23 नवंबर को सांस्कृतिक शोभायात्रा से शुरुआत
उत्सव का शुभारंभ 23 नवंबर को सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा से होगा। यह यात्रा दोपहर 3 बजे लखनऊ के 1090 चौराहे से शुरू होकर यूपी दर्शन पार्क पहुंचेगी। इसमें अलग-अलग राज्यों के कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और संगीत के साथ हिस्सा लेंगे। शोभायात्रा के जरिए देश की जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं की विविधता देखने को मिलेगी।
देश के अलग-अलग राज्यों के लोकनृत्य होंगे खास
इस उत्सव में उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की पारंपरिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। सोनभद्र के कलाकार मादल वादन और करमा नृत्य पेश करेंगे। वहीं लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी से थारू जनजाति और बिजनौर के कुआं खेड़ा से बुक्सा जनजाति के कलाकार अपनी कला दिखाएंगे। इसके अलावा चित्रकूट का जवारा और राई नृत्य, महाराष्ट्र का बोहणा नृत्य, मध्य प्रदेश का भगोरिया नृत्य और राजस्थान का तेरावाली नृत्य भी आकर्षण का हिस्सा होंगे। पश्चिम बंगाल का संथाली नृत्य, हिमाचल प्रदेश का सिरमौरी और लम्बाडा नृत्य, छत्तीसगढ़ का पंडवानी गायन, ओडिशा का बोडा नृत्य और उत्तराखंड का जौनसारी नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा।
कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार भी आएंगे
इस बार उत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया गया है। 25 और 26 नवंबर को कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के सांस्कृतिक दल अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही झारखंड का नाटक ‘धरती आबा’ भी खास आकर्षण होगा। यह नाटक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित है। सोनभद्र का झूमर और डोमकच, पीलीभीत का थारू नृत्य और मध्य प्रदेश का बैगा परधौनी नृत्य भी दर्शकों को देखने को मिलेगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अलावा उत्सव में कई तरह की गतिविधियां भी आयोजित होंगी। ‘जेवनार’ के तहत लोग पारंपरिक जनजातीय व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इसके अलावा चित्रकला प्रदर्शन, हस्तशिल्प कार्यशालाएं, चाय चौपाल और पोथी घर भी आकर्षण होंगे। जनजातीय फोटो घर में जनजातीय जीवन से जुड़ी तस्वीरें देखने को मिलेंगी। वहीं पारंपरिक परिधानों और मादल, अलगोजा तथा सपेरा बीन जैसे वाद्ययंत्रों की भी झलक मिलेगी।
जयपुर के कलाकार कठपुतली प्रदर्शन, बहुरूपिया कला और नट-नटी की प्रस्तुतियां देंगे। जादू के प्रदर्शन के जरिए पारंपरिक लोक मनोरंजन को भी मंच मिलेगा।
संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया आयोजन का महत्व
उत्तर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, यह उत्सव जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान और लोककलाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों की कला, लोकसंगीत, नृत्य और जीवनशैली में पीढ़ियों से संचित ज्ञान छिपा है। ऐसे आयोजनों से इन परंपराओं के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और युवा पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ सकेगी।







