Yogi Ki Pati : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां को याद करते हुए एक भावुक पत्र लिखा है। मां के अंतिम संस्कार के दौरान भावुक नजर आए मुख्यमंत्री ने अब ‘योगी की पाती’ के जरिए अपने मन की भावनाएं साझा की हैं। इस पत्र में उन्होंने मां के महत्व के साथ संन्यास लेने के बाद मां से भिक्षा मांगने का एक ऐसा किस्सा बताया है, जो किसी को भी भावुक कर सकता है। उन्होंने इस पत्र को केवल अपनी मां तक सीमित न रखते हुए दुनिया की हर मां को समर्पित किया है।
मां को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में लिखा कि मां के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। मां केवल बच्चे को जन्म देने वाली नहीं, बल्कि उसके जीवन को दिशा देने वाली पहली गुरु होती है। उन्होंने मां को जगत-जननी बताते हुए लिखा कि मां की जगह दुनिया में कोई नहीं ले सकता। उन्होंने भगवान राम के वनवास के समय माता कौशल्या के आशीर्वाद और भगवान कृष्ण के गोकुल जाने के प्रसंग का भी जिक्र किया। योगी ने लिखा कि मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है। मां का न होना केवल किसी व्यक्ति का साथ छूटना नहीं, बल्कि भावनात्मक सुरक्षा और बिना शर्त प्यार की छांव का हट जाना है।
सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं।
प्रत्येक माँ के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित माँ का संबल बनेगा, किसी वंचित माँ की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी माँ के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 23, 2026
संन्यास के बाद मां से मांगी थी भिक्षा
इस पत्र का सबसे भावुक हिस्सा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संन्यास जीवन से जुड़ा है। उन्होंने उस समय को याद किया, जब संन्यास ग्रहण करने के तीन साल से अधिक समय बाद वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे। योगी ने बताया कि गोरखपुर से पैदल यात्रा करते हुए जब वह घर पहुंचे तो मन में कई भावनाएं उमड़ रही थीं। संन्यास परंपरा के विधान के अनुसार उन्होंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई। उनकी आवाज सुनकर मां बाहर आईं। भगवा वस्त्रों में बेटे को देखकर मां को पहले तो विश्वास ही नहीं हुआ।
मां ने बेटे से पूछा था यह सवाल
योगी आदित्यनाथ ने पत्र में लिखा कि मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही उन्होंने कहा, ‘मां, भिक्षा दीजिए।’ इस पर मां ने भावुक होकर पूछा कि घर में किस चीज की कमी थी, जो बेटा भीख मांग रहा है? मुख्यमंत्री ने मां को समझाया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। वह घर में रहने नहीं, बल्कि अपने संन्यासी जीवन के संकल्प को पूरा करने के लिए भिक्षा मांगने आए हैं। योगी ने लिखा कि मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया। यह प्रसंग उनके जीवन की उन यादों में शामिल है, जो आज भी उनके मन में गहराई से बसी हुई हैं।
हर मां के सम्मान का दिया संदेश
मुख्यमंत्री योगी ने अपने पत्र में मातृत्व के प्रति कृतज्ञता जताते हुए लिखा कि कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता। हालांकि, अपने कर्तव्यों का पालन करके हम उनके प्रति सम्मान जरूर प्रकट कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए काम करना भी इसी कर्तव्य का हिस्सा है। योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे किसी निराश्रित मां का सहारा बनें, किसी वंचित मां की परेशानी समझें और किसी दुखी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करें।







