Lucknow News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में युवाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज का दिन युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। अब वे सीधे तौर पर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए लखनऊ को चुनने पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की सराहना भी की। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश से सांसद होने के नाते देशभर से आए युवा साथियों का स्वागत करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने युवाओं को देश की असली संपत्ति बताते हुए उनके कौशल और क्षमताओं को राष्ट्र का भविष्य बताया।
कौशल विकास की पुरानी परंपरा को किया याद
प्रधानमंत्री ने भारत की पारंपरिक कारीगरी और कौशल का जिक्र करते हुए कहा कि जब आक्रमणकारी भारत आए, तब देश समृद्धि और कौशल के मामले में पूरी दुनिया के आकर्षण का केंद्र था। उन्होंने आरोप लगाया कि आक्रमणकारियों ने सबसे पहले भारत की कारीगरी और कौशल पर प्रहार किया।
पीएम मोदी ने कहा कि अंग्रेजों ने भी भारतीय कौशल को कमजोर करने के लिए शिक्षा व्यवस्था में बदलाव किया। मैकाले की शिक्षा प्रणाली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था ने देश की कौशल आधारित शिक्षा को सीमित कर दिया और कागजी काम करने वाले कर्मचारी तैयार करने पर जोर दिया।
ITI छात्रों को लेकर समाज की सोच बदलने का संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भी समाज में ITI में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को लेकर एक अलग तरह की सोच देखने को मिलती है। कई माता-पिता अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को यह बताने में संकोच करते हैं कि उनका बच्चा ITI में पढ़ाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के मन में यह धारणा बन गई है कि यूनिवर्सिटी और कॉलेज की पढ़ाई ज्यादा महत्वपूर्ण है, जबकि ITI के विद्यार्थी हाथों से काम करने वाले होते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह स्थिति जानबूझकर पैदा की गई थी और उन्होंने इसे बदलने का संकल्प लिया है।
IIT और ITI के छात्रों को बताया देश की असली संपत्ति
प्रधानमंत्री ने अपने दिन के पहले कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि वे दिल्ली से निकलकर पश्चिम बंगाल गए थे, जहां उन्होंने IIT के विद्यार्थियों के बीच समय बिताया। इसके बाद लखनऊ में ITI के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों जगह के युवाओं में उन्हें समान ऊर्जा, उत्साह और भविष्य के सपने दिखाई देते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि चाहे IIT हो या ITI, उनके लिए दोनों के विद्यार्थी देश की असली संपत्ति हैं। ये युवा देश की क्षमता और भविष्य हैं। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा, सपनों और आकांक्षाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।







