Muzaffarnagar Fire Accident : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शनिवार सुबह प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लग गई। नई मंडी क्षेत्र के कूकड़ा चौराहे के पास लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। गोदाम में प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। इस घटना में गोदाम मालिक की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
Muzaffarnagar Fire Accident में सुबह 6 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 6 बजे नई मंडी क्षेत्र के कूकड़ा चौराहे के पास स्थित प्लास्टिक के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में प्लास्टिक का सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की दुकानों को खाली कराया गया। दुकानदारों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। साथ ही आसपास के प्रतिष्ठानों को आग से बचाने के प्रयास किए गए। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की आठ गाड़ियों के साथ तीन पेपर मिलों की दमकल गाड़ियों को भी लगाया गया। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में जुटे रहे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। आग की लपटें आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक न पहुंचें, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
शादी में विदाई के दौरान आतिशबाजी से आग लगने का शक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम के सामने स्थित देवलोक बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार रात शादी समारोह आयोजित किया गया था। शनिवार सुबह दुल्हन की विदाई के दौरान आतिशबाजी की गई थी।
आशंका जताई जा रही है कि आतिशबाजी से निकली कोई चिंगारी गोदाम में रखे प्लास्टिक के सामान तक पहुंच गई, जिससे आग लग गई। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गोदाम मालिक की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
गोदाम में लगी भीषण आग के बीच उसके मालिक की तबीयत भी बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। आग की घटना के बाद आसपास के इलाके में भी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि विभाग को कूकड़ा चौक के पास प्लास्टिक के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल टीमों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि गोदाम के सामने बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह आयोजित किया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह विदाई के दौरान पटाखे छोड़े गए थे। आशंका है कि पटाखों से निकली चिंगारी गोदाम तक पहुंची और आग लग गई। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी हैं।







