Pakistan Minister India Visit : पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक इन दिनों भारत दौरे पर हैं। उन्हें आगरा के ताजमहल समेत दिल्ली और आगरा के चार ऐतिहासिक स्थलों पर जाने की अनुमति दी गई है, लेकिन दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने की इजाजत नहीं मिली है। भारतीय अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस अनुरोध को खारिज कर दिया। मलिक नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यताओं के संवाद मंच में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
पाकिस्तानी मंत्री को इन 4 जगहों पर जाने की अनुमति
पाकिस्तान उच्चायोग ने मुसादिक मलिक के भारत दौरे के दौरान पांच स्थानों पर जाने की अनुमति मांगी थी। इनमें आगरा का ताजमहल, दिल्ली हाट, हुमायूं का मकबरा, किला राय पिथौरा और हजरत निजामुद्दीन दरगाह शामिल थे। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा समीक्षा के बाद भारतीय अधिकारियों ने पहले चार स्थानों पर जाने की अनुमति दे दी, जबकि निजामुद्दीन दरगाह जाने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया गया। इस तरह मलिक अपने दौरे के दौरान ताजमहल समेत कई प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का दीदार कर सकेंगे।
पुराना किला में हो रहा SCO सभ्यताओं का संवाद मंच
मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित पहले एससीओ सभ्यताओं के संवाद मंच में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव बढ़ा था। इसके बाद भारत आने वाले वह पाकिस्तान के पहले संघीय मंत्री हैं। शुरुआत में माना जा रहा था कि उनकी भारत यात्रा केवल बहुपक्षीय कार्यक्रम तक सीमित रहेगी। हालांकि, सुरक्षा आकलन के बाद उन्हें कुछ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर जाने की अनुमति भी दी गई।
भारत-पाकिस्तान संबंधों पर क्या बोले मुसादिक मलिक?
भारत-पाकिस्तान संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुसादिक मलिक ने कहा कि एससीओ का यह मंच क्षेत्रीय देशों को राजनीतिक और रणनीतिक मतभेदों से आगे बढ़कर बातचीत करने का अवसर देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के देश राजनीति से आगे बढ़कर गरीबी, सामाजिक समस्याओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के चलते जरूरी सामाजिक मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
संस्कृति और सभ्यता से मजबूत हो सकता है संवाद
मुसादिक मलिक ने कहा कि सांस्कृतिक और सभ्यतागत आदान-प्रदान अलग-अलग देशों को करीब लाने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने इस तरह के संवाद के लिए मंच उपलब्ध कराने पर एससीओ का आभार जताया। भारत और पाकिस्तान के साझा सभ्यतागत इतिहास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विविधता ही संवाद की जरूरत पैदा करती है। उनके मुताबिक, अलग-अलग विचारों और संस्कृतियों के बीच बातचीत से आपसी समझ विकसित करने का अवसर मिलता है।







