UP Voter List 2027 : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन विभाग नवंबर में चार दिन विशेष अभियान चलाने जा रहा है। इस दौरान मतदाता अपने नाम और पते की जांच कर सकेंगे। जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे नया पंजीकरण करा सकेंगे। वहीं, गलत जानकारी में सुधार कराने का भी मौका मिलेगा। इसके लिए प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे।
UP Voter List 2027: नवंबर में इन 4 तारीखों को चलेगा अभियान
उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत नवंबर में 21, 22, 28 और 29 तारीख को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन सभी दिनों में प्रदेश के प्रत्येक मतदेय स्थल पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ मौजूद रहेंगे। मतदाता इनसे संपर्क कर अपना नाम सूची में देख सकेंगे और जरूरत के अनुसार आवेदन भी कर सकेंगे।
निर्वाचन विभाग की ओर से 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाता इस सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण जांच सकेंगे। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। साथ ही हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां मतदाताओं को आवेदन भरने और जरूरी जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।
युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर
इस अभियान में निर्वाचन विभाग का खास ध्यान उन पात्र नागरिकों पर है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। खासतौर पर युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA), ग्राम प्रधानों, पार्षदों और स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद ली जाएगी। सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकें।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सुधार के लिए कौन सा फॉर्म भरें?
मतदाता सूची से जुड़ी अलग-अलग जरूरतों के लिए निर्वाचन विभाग ने तीन तरह के फॉर्म की व्यवस्था की है।
- फॉर्म-6: जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे नया नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- फॉर्म-7: मतदाता सूची में किसी नाम को हटाने या उस पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए इस फॉर्म का इस्तेमाल किया जाता है।
- फॉर्म-8: मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता और अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
इन सभी फॉर्म को मतदान केंद्रों पर बीएलओ से प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा मतदाता किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
अभियान की निगरानी करेंगे जिला निर्वाचन अधिकारी
विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
इसके अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी अलग-अलग जिलों में पहुंचकर अभियान की व्यवस्थाओं और बीएलओ के कामकाज का जायजा लेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
मतदाताओं से निर्वाचन विभाग की अपील
निर्वाचन विभाग ने प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 21, 22, 28 और 29 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें। यदि नाम छूट गया है या किसी जानकारी में गलती है, तो संबंधित फॉर्म भरकर आवेदन करें।
यह भी पढ़ें: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ में दो दिवसीय दौरे पर, 21-22 नवंबर को कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल







