IFFI 2026 Goa: गोवा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में शुक्रवार को 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) का भव्य शुभारंभ हुआ। इस वर्ष महोत्सव में 86 देशों की भागीदारी और 150 से अधिक फिल्मों की स्क्रीनिंग के जरिए दुनिया भर की विविध कहानियों और संस्कृतियों को एक मंच पर लाया जा रहा है। इस बार महोत्सव की थीम ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ रखी गई है, जो सिनेमा की उस ताकत को दर्शाती है, जिसके माध्यम से भाषा, संस्कृति और भौगोलिक सीमाओं से परे लोगों को जोड़ा जा सकता है।
संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। तीन बार ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज के नेतृत्व में सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा ने ‘संगीत के माध्यम से सिनेमा की दुनिया’ विषय पर विशेष प्रस्तुति दी। इसमें विभिन्न संस्कृतियों और कहानी कहने की परंपराओं की झलक देखने को मिली।
इसके अलावा ‘म्यूजिक विदाउट बॉर्डर्स’ कार्यक्रम में अलग-अलग देशों के कलाकारों ने अपनी संगीत परंपराओं का प्रदर्शन किया। वहीं, ‘बियॉन्ड द फ्रेम’ नामक नृत्य प्रस्तुति के जरिए महोत्सव के प्रतीक मोर को कलात्मक अंदाज में दर्शाया गया।
रवि किशन ने बताई सिनेमा की असली ताकत
प्रसिद्ध अभिनेता और सांसद रवि किशन ने महोत्सव की थीम को अपने अनुभवों से जोड़ते हुए कहा कि उन्होंने विभिन्न भारतीय भाषाओं और क्षेत्रों की करीब 700 फिल्मों में काम किया है। उनके मुताबिक, दर्शकों को भाषा या क्षेत्र से ज्यादा कहानी की सच्चाई, भावनाएं और प्रभाव जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि किसी एक कोने में जन्मी कहानी भी हजारों मील दूर बैठे लोगों के दिलों तक पहुंच सकती है। उन्होंने भारतीय फिल्म उद्योग के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने सांस्कृतिक एकता पर दिया जोर
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने IFFI को केवल फिल्मों का आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृतियों, विचारों और मानवीय अनुभवों का साझा मंच बताया। उन्होंने कहा कि सिनेमा भारत की सॉफ्ट पावर का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस वर्ष रूस और स्पेन की विशेष फिल्म प्रस्तुतियों के साथ ब्रिक्स देशों की 21 फिल्में भी महोत्सव का हिस्सा हैं।
आशुतोष गोवारिकर ने साझा किया महोत्सव का विजन
महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने कहा कि कहानियां लोगों के बीच बनी दूरियों को कम करने का माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि इस संस्करण में नौ विश्व प्रीमियर, दो अंतर्राष्ट्रीय प्रीमियर, 24 एशियाई प्रीमियर और 116 भारतीय प्रीमियर शामिल हैं। महोत्सव में 52 महिला फिल्म निर्माताओं और 62 नए फिल्म निर्माताओं की फिल्में भी प्रदर्शित की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ में दो दिवसीय दौरे पर, 21-22 नवंबर को कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल







