Ayushman Bharat Yojana : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसों की कमी की वजह से किसी का इलाज नहीं रुकेगा। जरूरतमंदों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और इसके बाद भी आर्थिक सहायता की जरूरत हुई तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद दी जाएगी। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री का जोर लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने पर रहा।
जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मिले CM योगी
गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर शुक्रवार को जनता दर्शन का आयोजन किया गया। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 150 लोगों से मिले। उन्होंने लोगों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र अपने हाथों में लेकर पढ़े। इस दौरान कई लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी मदद करेगी। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शिकायतों का समाधान इस तरह किया जाए कि पीड़ित व्यक्ति को संतुष्टि मिले।
इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड और आर्थिक मदद
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे थे। उनकी समस्याएं सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र और जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान कार्ड के जरिए पात्र लोगों को इलाज की सुविधा मिलेगी। अगर इसके बाद भी किसी मरीज को इलाज के लिए पैसों की जरूरत पड़ती है तो सरकार मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। इससे उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो गंभीर बीमारी के इलाज का खर्च उठाने में परेशानी महसूस कर रहे हैं।
जमीन कब्जाने की शिकायतों पर सख्त निर्देश
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जमीन कब्जाने से जुड़े मामलों की जांच कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनें और बिना देरी किए उनका समाधान कराएं।
गोशाला में गोवंश को रोटी और गुड़ खिलाया
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में अपनी नियमित दिनचर्या पूरी की। सुबह सबसे पहले उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए और अपने ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर की गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने अपने हाथों से गोवंश को रोटी और गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और उन्हें दुलार किया। गोशाला में गोवंश मुख्यमंत्री के पास आने के लिए उत्साहित दिखाई दिए। इस पर मुख्यमंत्री उन्हें प्यार से समझाते हुए बोले कि अपनी जगह पर ही रहो, नहीं तो चोट लग जाएगी। इस दौरान गोवंश के प्रति उनका स्नेह देखने को मिला।
यह भी पढ़ें: World Children’s Day 2026: बच्चों के अधिकार, सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी







