Ballia Encounter News : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की बड़ी खबर सामने आई है। रसड़ा क्षेत्र के प्रसिद्ध लखनेश्वरडीह शिव मंदिर में पुजारी को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले अंतर्जिला गिरोह के पांच शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए सभी आरोपी पड़ोसी राज्य बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बलिया शिव मंदिर लूट मुठभेड़
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिनेश कुमार शुक्ला के अनुसार, रसड़ा पुलिस आमघाट रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो कार सवार बदमाश जिशान और चंद्रशेखर गाड़ी से उतरकर भागने लगे और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग झोंक दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करके कार में सवार कुल पांचों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
मंदिर से लूटे गए गहने और अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से लखनेश्वरडीह शिव मंदिर से चोरी किए गए शिवलिंग का नाग, छतरी, राधा-कृष्ण के मुकुट और पूजा के अन्य कीमती आभूषण बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह धार्मिक स्थलों को अपना निशाना बनाता था।
30 अक्टूबर की रात पुजारी को बनाया था बंधक
उल्लेखनीय है कि 30 अक्टूबर की रात बदमाशों ने बलिया के लखनेश्वरडीह शिव मंदिर के पुजारी को डरा-धमकाकर उनके हाथ-पांव रस्सियों से बांध दिए थे और मंदिर के सभी गहने लूटकर फरार हो गए थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस गिरोह ने 11 अक्टूबर को पड़ोसी जिले गाजीपुर के पंचमंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस प्रशासन का कहना है कि बिहार में भी इनके आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
Read more : त्योहारों पर रेल यात्रियों को बड़ी राहत, हरदोई स्टेशन पर रुकेंगी 8 स्पेशल ट्रेनें







