Mathura Accident : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। गुरुवार सुबह मथुरा-बरेली हाईवे पर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खेत में काम कर रहे तीन लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का सन्नाटा पसर गया।
मथुरा भीषण सड़क हादसा
यह दुखद दुर्घटना मथुरा के राया थाना क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा-बरेली हाईवे पर सुबह करीब 7:30 बजे हुई। जवाहर सिंह, उनका बेटा हरवीर सिंह और नाती अंकित सुबह-सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर दौड़ रही एक कार अचानक बेकाबू हो गई और सीधे खेत में जा घुसी। अनियंत्रित कार ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक तीनों दम तोड़ चुके थे।
पिता-पुत्र और नाती की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश
एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों—पिता, पुत्र और नाती की एक साथ मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुँची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे व ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर मथुरा-बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर व सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर बमुश्किल जाम खुलवाया।
कार चालक गंभीर रूप से घायल, जांच में जुटी पुलिस
घटना में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी देहात राज नारायण ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल हाईवे पर यातायात पूरी तरह सामान्य करा दिया गया है।
READ MORE : हाथरस में मकान में लगी भीषण आग, जिंदा जले बुजुर्ग दंपति, इलाके में मचा हड़कंप







