Moradabad News : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मुड़िया भायपुर गांव में मंगलवार शाम को हुए एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के बाहर खेल रहे मासूम बच्चों को एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बोलेरो ने कुचल दिया, जिससे खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
यह दुखद घटना मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे की है, जब करनपुर से मूंढापांडे की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो अचानक बेकाबू हो गई। गाड़ी ने सबसे पहले सड़क किनारे लगे पकौड़ी के एक ठेले में जोरदार टक्कर मारी और उसे करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद चालक गाड़ी पर से पूरी तरह नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खेल रहे पांच मासूम बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।
दो मासूमों की मौत और जन्मदिन की तैयारियों के बीच मातम
इस भीषण हादसे में दो साल के मासूम अंश और एक साल की बच्ची चित्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तीन अन्य बच्चे—छह साल की इच्छा, पांच साल की महक और छह साल का आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा ठेले के पास मौजूद 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला चंपा देवी भी हादसे में चोटिल हुई हैं। सबसे ज्यादा दिल दहला देने वाली बात यह रही कि मृतक मासूम अंश का तीन नवंबर को जन्मदिन था और उसका परिवार घर में जश्न मनाने की तैयारियों में जुटा हुआ था। लेकिन इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।
ग्रामीणों का हंगामा और पुलिस पर पथराव
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके से बोलेरो चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही स्थानीय मूंढापांडे थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह चालक को भीड़ से बचाकर अपनी गाड़ी में बैठाया। हालांकि, हादसे से नाराज ग्रामीण और महिलाएं डीएम व एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर पुलिस की गाड़ी के सामने अड़ गए। शाम करीब 7:30 बजे जब पुलिस चालक को ले जाने लगी, तो स्थिति बेकाबू हो गई। भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव और लाठियां चलाईं, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करते हुए स्थिति को नियंत्रित करना पड़ा।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह के मुताबिक, आरोपी बोलेरो चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: UP Chandauli Illegal Crackers Seized: चंदौली में 525 किलो अवैध पटाखे बरामद | Police Raid







