Chandigarh Police 60th Raising Day: रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। पुलिस लाइन में आयोजित हीरक जयंती समारोह के दौरान उन्होंने पुलिस परेड का जायजा लिया और मार्च पास्ट की सलामी स्वीकार की। इस खास मौके पर उन्होंने पुलिस को राष्ट्रपति द्वारा स्वीकृत प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस बल के छह दशकों के समर्पण, सेवा और संवेदनशीलता की पहचान है। शाह ने 1966 से अब तक पुलिस द्वारा लिखे गए स्वर्णिम इतिहास की सराहना की और अपने कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को नमन किया।
आधुनिक संसाधन और त्वरित रिस्पॉन्स टाइम में बेहतर प्रदर्शन
समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने बताया कि त्वरित कार्रवाई और रिस्पॉन्स टाइम के मामले में चंडीगढ़ पुलिस देश और दुनिया में दूसरे स्थान पर आती है। पुलिस बेड़े में 141 नए आधुनिक वाहन शामिल किए गए हैं, जिससे पुलिस बल की कार्यक्षमता और आपातकालीन सेवाएं और भी मजबूत होंगी। अमित शाह ने उम्मीद जताई कि इन नए संसाधनों के मिलने से चंडीगढ़ पुलिस रिस्पॉन्स टाइम में देश में पहला स्थान हासिल कर लेगी। वर्तमान में यहां क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का रिस्पॉन्स टाइम 10 मिनट और पुलिस का घटनास्थल पर पहुंचने का समय केवल 4 मिनट है।
आतंकवाद का डटकर मुकाबला और टेक-फ्रेंडली सेवाएं
गृह मंत्री ने याद दिलाया कि शिवालिक पर्वतमाला की तलहटी में बसा यह सुनियोजित शहर आतंकवाद के कठिन दौर से भी गुजर चुका है। उस दौरान पुलिसकर्मियों ने अदम्य साहस और शौर्य से शांति व्यवस्था बनाए रखी। वर्तमान में नागरिकों की सुविधा के लिए पुलिस ने आधुनिक ऐप्स और तकनीकी मॉडल के जरिए ऐसी व्यवस्था को धरातल पर उतारा हैं, जिससे लोगों को पुलिस सेवाओं के लिए थाने जाने की आवश्यकता ही न पड़ें। इसके अलावा, देश में सर्वाधिक प्रति व्यक्ति वाहन होने के बावजूद यहां की सुचारू यातायात व्यवस्था अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायक है।
न्याय संहिता और नशा मुक्ति का लक्ष्य
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई न्याय संहिताओं की शुरुआत चंडीगढ़ से ही की थी, जिससे अंग्रेजों के जमाने के पुराने कानूनों को समाप्त किया गया। चंडीगढ़ पुलिस ने महज 140 दिनों में 85 प्रतिशत दोषसिद्धि दर दर्ज की है, जो न्याय प्रक्रिया की गति को दर्शाती है। इसी के साथ उन्होंने यह भी उम्मीद व्यक्त की कि सबसे पहले चंडीगढ़ नशा मुक्त होगा।
यह भी पढ़ेंं: लखनऊ के लक्ष्मण मेला घाट पर होगा छठ महापर्व का मुख्य आयोजन, सीएम योगी होंगे शामिल







