Uttarakhand Helicopter Crash : उत्तराखंड के जोशीमठ में बदरीनाथ धाम से लौट रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा मारवाड़ी पुल के पास जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी पर हुआ। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए रवाना हो गईं। फिलहाल हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की स्थिति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
जोशीमठ में कहां हुआ हेलीकॉप्टर हादसा?
जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा था। इसी दौरान जोशीमठ के पास मारवाड़ी पुल के ऊपर पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोशल मीडिया पर हादसे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है।
हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। हादसे के बाद से पायलट से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है। हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों की स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना की जानकारी मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) और जिला प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है।
खराब मौसम में चल रहा सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हुईं। खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर की तलाश और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू टीमों के सामने चुनौतियां भी हैं। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की ओर से संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
सीएम धामी ने दिए घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल हायर सेंटर एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना भी की।

फिलहाल हादसे के कारणों और हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की परिस्थितियों की जानकारी सामने नहीं आई है। राहत और बचाव अभियान के बाद ही यात्रियों की स्थिति और घटना से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। जोशीमठ के पास बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। प्रशासन की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं और सभी की सुरक्षित वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Read More : UP PET 2026: गाजियाबाद में 30 अक्टूबर को स्कूल बंद, अलीगढ़ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम







