Basti Road Accident: बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र में गौर-बभनान मार्ग पर कोठवा गांव के पास अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से पिता और उनकी 2 बेटियों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। पुलिस के अनुसार, कोठवा निवासी राजेश यादव अपनी दो बेटियों के साथ रामापुर में दुर्गा प्रतिमा स्थल पर आयोजित भंडारे में शामिल होने गए थे। देर रात घर लौटते समय सड़क पार करने के दौरान तीनों पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए।
हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। बाद में तीनों ट्रक के नीचे दबे मिले। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घर की चौखट से कुछ कदम दूर थमी तीन जानें: कोठवा गांव में पसरा सन्नाटा
अपनों के बीच सुरक्षित पहुंचने की उम्मीद लेकर सफर पर निकले एक पिता और उनकी दो बेटियों का सफर अचानक एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। घर पहुंचने में महज 200 मीटर की दूरी बची थी, तभी हुए हादसे ने पूरे परिवार को पल भर में बिखेर कर रख दिया। एक तरफ जहां बेटियों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया, वहीं पिता भी अपनी लाडलियों को सुरक्षित घर नहीं ला सके। एक ही घर के तीन चिराग बुझ जाने से कोठवा गांव में गहरा मातम और सन्नाटा छाया हुआ है।
अनियंत्रित होकर पलटा माल लदा ट्रक
मामले की जानकारी देते हुए सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि यह दुखद हादसा देर रात हुआ। सामान से लदा एक ट्रक सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरा और पलट गया।
उसी समय वहां से गुजर रहे पिता और उनकी दोनों बेटियां इस बेकाबू ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद तीनों की ट्रक के नीचे दब जाने से मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: Bareilly News : संजय सक्सेना हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई तेज, मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार







