Ayodhya Durga Visarjan 2026: शारदीय नवरात्र के समापन पर रामनगरी अयोध्या में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा बेहद धूमधाम के साथ निकाली गई। जीआईसी मैदान से शुरू हुई इस यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों की गूंज और महिलाओं के नृत्य के बीच पूरा शहर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर इस यात्रा का स्वागत किया गया।

शोभायात्रा का रूट और भव्य स्वरूप
आयोजकों के मुताबिक, इस भव्य शोभायात्रा में करीब 150 प्रतिमाएं शामिल हुई हैं। जीआईसी मैदान से उठी यह यात्रा फतेहगंज, सुभाष नगर, बजाजा चौक, रिकाबगंज और सिविल लाइंस जैसे मुख्य मार्गों से होते हुए आगे बढ़ रही है। यात्रा का अंतिम पड़ाव गुप्तार घाट के पास स्थित निर्मली कुंड है, जहां सभी प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। चौक घंटाघर पर कमिश्नर, डीआईजी, एसएसपी और जिलाधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मौजूद रहकर शोभायात्रा का स्वागत किया।

पुख्ता सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम
इस बड़े आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे विसर्जन मार्ग को कई जोन और सेक्टरों में बांटा गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिविल पुलिस के साथ-साथ पीएसी और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। शोभायात्रा में पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और पूर्व मंत्री पवन पांडेय भी शामिल हुए। प्रशासन ने सभी से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें ताकि विसर्जन का यह पर्व शांति और उल्लास के साथ पूरा हो सके।
यह भी पढे़ं: Dussehra 2026 in UP: लखनऊ में AI रावण से लेकर कानपुर में 90 फीट के पुतले तक, जानिए यूपी में क्या है खास