Sheetal Devi World Record archery: खेल के मैदान से जब कोई खबर आती है, तो वह देश का सीना गर्व से चौड़ा कर देती है। कुछ ऐसा ही कमाल कर दिखाया है भारत की स्टार तीरंदाज शीतल देवी ने। उन्होंने सोमवार को एशियन पैरा गेम्स (Asian Para Games) के दौरान अपने बेहतरीन प्रदर्शन से इतिहास रच दिया है। महिलाओं की कंपाउंड क्वालिफिकेशन स्पर्धा में शीतल ने 720 में से कुल 704 अंक हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने न सिर्फ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, बल्कि एक नया एशियाई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उनकी इस सफलता से पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है।
Sheetal Devi का शानदार खेल और रिकॉर्ड्स की झड़ी
उन्नीस साल की युवा तीरंदाज शीतल ने अपने 72 निशानों में से 57 बार एकदम सटीक 10 अंक पर निशाना साधा। इनमें से 32 निशाने तो टारगेट के बिल्कुल अंदरूनी हिस्से यानी एक्स जोन में लगे। उनकी इस अचूक सटीकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने ही पुराने एशियाई रिकॉर्ड को छह अंकों से पीछे छोड़ दिया।
पेरिस पैरालंपिक की कांस्य पदक विजेता शीतल ने इससे पहले मार्च में 698 अंकों का रिकॉर्ड बनाया था, जिसमें उन्होंने अब और बड़ा सुधार किया है। खास बात यह है कि 704 अंकों का यह विश्व रिकॉर्ड इससे पहले तुर्किये की ओजनुर गिरदी के नाम था, जिसकी अब शीतल ने बराबरी कर ली है।
पायल के दमदार डेब्यू से भारत को मिला मजबूती
इस प्रतियोगिता में शीतल के साथ ही डेब्यू कर रही पायल ने भी अपने खेल से सबको प्रभावित किया। ओडिशा की इस प्रतिभावान तीरंदाज ने 675 अंक हासिल करते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया। शीतल और पायल के संयुक्त शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने महिलाओं की कंपाउंड टीम क्वालिफिकेशन में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
भारतीय जोड़ी ने कुल 1,379 अंक जुटाए, जबकि चीन 1,338 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर रहा। क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रहने की वजह से भारतीय टीम ने सीधे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब सभी देशवासियों की निगाहें एलिमिनेशन राउंड और पदकों के मुकाबलों पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें: Tiger Shroff: Car से निकलते ही टाइगर पर गोलियों की बौछार, देर रात एक्टर के घर पहुंचे डिप्टी CM Eknath Shinde