Seemapuri Building Collapse: राजधानी दिल्ली (Delhi) के पूर्वी इलाके सीमापुरी में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा देखने को मिला। यहां एक बहुमंजिला इमारत का अगला हिस्सा अचानक से ढह गया। इमारत का हिस्सा गिरते ही आसपास तेज आवाज हुई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय इमारत और सड़क के पास मौजूद कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से पास के राजीव गांधी अस्पताल पहुंचाया गया है।
इमारत का अगला हिस्सा गिरने से मची अफरा-तफरी
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां एकत्र हो गए, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर दी। पुलिस टीम मलबे वाले हिस्से को नियंत्रित कर भीड़ को हटाने में जुटी है ताकि राहत कार्य में कोई रुकावट न आए।
मलबे में लोगों की तलाश, बचाव अभियान जारी
घटनास्थल पर प्रशासन और बचाव दल द्वारा तेजी से राहत कार्य चलाया जा रहा है। मलबे को क्रेन और अन्य उपकरणों की मदद से हटाया जा रहा है ताकि अगर कोई व्यक्ति नीचे फंसा हो तो उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। हालांकि, हादसे के वक्त इमारत के भीतर कुल कितने लोग मौजूद थे, इसको लेकर स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है।
आसपास के लोगों में दहशत
इस अचानक हुए हादसे के बाद आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों के बीच डर का माहौल बन गया है। हाल के दिनों में दिल्ली-एनसीआर में पुरानी और जर्जर इमारतों के खतरे को लेकर नगर निगम भी सतर्क हुआ है।
यह भी पढ़ें: Agra Fire: आधी रात झुग्गियों और ढाबे में लगी भीषण आग, सिलिंडर में जोरदार धमाका
