Tirupati to Kashi Seva Sankalp Yatra: आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी (Tirupati Balaji) से शुरू हुई सेवा संकल्प यात्रा का (seva sankalp yatra) समापन धार्मिक नगरी वाराणसी में हुआ। 40 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर करीब 2,000 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करने के बाद 80 युवा काशी की पावन धरा पर पहुंचे। Varanasi पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर सभी यात्रियों का जोरदार स्वागत किया।
पवित्र नदियों का जल मां गंगा को समर्पित
तेलुगु नाडु स्टूडेंट्स फेडरेशन और तेलुगु युवा द्वारा आयोजित यह यात्रा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और मंत्री नारा लोकेश के मार्गदर्शन में निकाली गई थी। 30 सितंबर को तिरुपति से शुरू हुई यह यात्रा पांच राज्यों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान युवाओं ने रास्ते में कृष्णा और गोदावरी नदियों का पवित्र जल एकत्र किया, जिसे काशी पहुंचकर मां गंगा को समर्पित किया गया।
प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने बताया कि तिरुपति बालाजी के दर्शन के बाद ये युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना लेकर काशी पहुंचे हैं। शहर में प्रवेश करते ही पूरा माहौल ‘हर-हर महादेव’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ युवाओं की यह संकल्प यात्रा उत्साहपूर्वक संपन्न हुई।



