PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह नई दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया और देशवासियों की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। खास बात यह है कि आज उनके सार्वजनिक जीवन और देश सेवा के 25 साल पूरे हो रहे हैं।
PM Modi ने की विशेष पूजा-अर्चना
प्रधानमंत्री मोदी सुबह श्री विनायक मंदिर पहुंचे और वहां विधि-विधान से पूजा की। उन्होंने भगवान गणेश से देश की तरक्की और लोगों के कल्याण की प्रार्थना की। पूजा के बाद PM Modi ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश से देशभर के लोगों की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है। साथ ही उन्होंने देश के लगातार प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रार्थना की।
पीएम मोदी के 25 साल पूरे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में बुधवार का दिन खास है। सरकार के प्रमुख के तौर पर उनके 25 साल पूरे हो रहे हैं। इस लंबे सफर की शुरुआत गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर हुई थी। मोदी अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 2014 में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। 2019 में उन्हें दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने का मौका मिला।
प्रधानमंत्री के रूप में तीसरी बार संभाली जिम्मेदारी
2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इस तरह गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के रूप में उनका सार्वजनिक जीवन लंबे समय से देश की राजनीति के केंद्र में रहा है। उनके समर्थकों के लिए यह 25 साल की यात्रा खास उपलब्धि है। इस मौके पर देशभर में उनके सार्वजनिक जीवन को लेकर चर्चा हो रही है। इस खास मौके पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। मंत्रिमंडल की ओर से उनके लगातार 25 वर्षों तक सरकार के प्रमुख के रूप में नेतृत्व करने को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में उनकी यात्रा को ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘नागरिक प्रथम’ की सोच से जोड़ते हुए सराहा गया। सरकार की ओर से इसे प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन और देश सेवा की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया गया।
यह भी पढ़ें: Cabinet Decisions: ट्रांसपोर्ट और छोटे कारोबारियों के लिए सरकार का बड़ा कदम, जानिए कैसे होगा फायदा




