Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में जहां आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है, वहीं पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी भी हो सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर को कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। पश्चिम बंगाल, केरल, सिक्किम, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा 7 से 10 अक्टूबर के बीच बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। बिहार में 7 अक्टूबर को मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है। यहां आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को खुले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 7 से 11 अक्टूबर के बीच पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।
इसके अलावा कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और यनम में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इन राज्यों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी आशंका जताई गई है। हरियाणा में भी कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग रहने वाला है। कहीं तेज बारिश होगी तो कहीं आंधी-तूफान लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: Cabinet Decisions: ट्रांसपोर्ट और छोटे कारोबारियों के लिए सरकार का बड़ा कदम, जानिए कैसे होगा फायदा


