Flydubai Incident: Dubai से तेल अवीव (Tel Aviv) जा रही फ्लाईदुबई (Flydubai) की फ्लाइट में भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर हमला करने वाले को-पायलट की पहचान को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी को-पायलट ओमान का नागरिक है और उसका नाम हमाम अल-हमामी (Hamam al-Hammami) बताया जा रहा है। अब जांच एजेंसियां घटना के बाद हमाम अल-हमामी के पुराने रिकॉर्ड और उसकी गतिविधियों को खंगाल रही हैं। दावा है कि 2024 में उसे ओमान एयर की पायलट ट्रेनिंग से भी हटाया गया था। ऐसे में सवाल ये भी है कि इसके बाद वह फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट की जिम्मेदारी तक कैसे पहुंचा तो आखिर हमाम अल-हमामी कौन है और उसके अतीत को लेकर क्या-क्या दावे सामने आ रहे हैं।
फ्लाई दुबई के हमलावर को-पायलट का नाम आया सामने!
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमाम अल-हमामी ओमान का नागरिक है। दावा है कि ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी को पहले भी ओमान में उड़ान भरने से रोक दिया गया था। रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि यह फैसला उसके कट्टरपंथी विचारों के चलते लिया गया था। जांच में उसके कुछ धार्मिक लोगों से मुलाकात की जानकारी भी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक अल-हमामी के पास से ‘फ्री फिलिस्तीन’ के पोस्टर और दूसरी फिलिस्तीनी समर्थन वाली चीजें भी मिली थी। दावा है कि सीरिया में रहने के दौरान हमाम अल-हमामी कट्टरपंथी विचारों के प्रभाव में आ गया था। और उड़ान भरने से रोके जाने के बाद अल-हमामी ओमान छोड़कर संयुक्त अरब अमीरात चला गया था।
बाद में वो फ्लाईदुबई में नौकरी पाने में कामयाब हो गया। मामले में एक और गंभीर दावा सामने आया है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर विमान को इजराइल में क्रैश करने के इरादे की बात कही है। रिपोर्ट के मुताबिक अगर वह अपने मकसद में कामयाब हो जाता तो यह घटना बिल्कुल 9/11 जैसी हो सकती थी। 9/11 की घटना में भी फिदायीन दस्ते ने अमेरिका पर हमले के लिए विमानों का इस्तेमाल किया था।
फिलहाल इस पूरे मामले में सामने आ रही कई अहम जानकारियां मीडिया रिपोर्ट्स और जांच से जुड़े दावों पर आधारित हैं। हमाम अल-हमामी के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की जांच जारी है और यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि क्या कॉकपिट में हुआ हमला अचानक लिया गया कदम था या इसके पीछे पहले से कोई बड़ी योजना थी। अब UAE, इजराइली और अन्य संबंधित एजेंसियों की जांच से ही इन सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: ‘Mann Ki Baat’ के 12 साल पूरे: 3 अक्टूबर 2014 से शुरू हुआ संवाद का सफर, जानिए अब तक की बड़ी बातें

