Road Accident : उत्तर प्रदेश के आगरा से शनिवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और भयानक हादसे की खबर सामने आई है। आगरा-अलीगढ़ स्टेट हाईवे पर दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की इतनी जोरदार टक्कर हुई कि दोनों वाहनों में भयंकर आग लग गई। इस आग की चपेट में आने से एक ट्रक के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
तड़के 5:45 बजे हुआ भीषण हादसा, हाईवे पर मची अफरा-तफरी
यह दर्दनाक हादसा आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे हुआ। एक ट्रक आगरा की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक अलीगढ़ की दिशा से आ रहा था। जैसे ही दोनों वाहन एक-दूसरे को क्रॉस करने लगे, तभी उनके बीच आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोर का धमाका हुआ और चंद सेकंडों में ही दोनों ट्रकों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। सुबह-सुबह हुए इस हादसे से हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की लपटों में फंसे ड्राइवर और कंडक्टर, मौके पर मौत
टक्कर के तुरंत बाद लगी आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक में सवार ड्राइवर और कंडक्टर को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। वे केबिन के अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। घटना की सूचना मिलते ही खंदौली थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
READ MORE : Kanpur Road Accident : स्कूल बस को डंपर ने मारी टक्कर, शिक्षिका की मौत; कई छात्र-शिक्षक घायल

