PM Modi News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी जा रहे सेवा यात्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सेवा, राष्ट्र निर्माण और युवाओं की भूमिका पर बात की। पीएम मोदी ने कहा कि सेवा ही उनका मुख्य कार्य होना चाहिए और सेवा करते हुए ही लोगों तक सेवा का संदेश पहुंचाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि सेवा के लिए किसी तरह का उपदेश देने की जरूरत नहीं है। लोगों को अपने आचरण और काम के जरिए सेवा का संदेश दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में सत्ता कितनी भी बड़ी क्यों न हो जाए, लेकिन सेवा का मार्ग नहीं बदलना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि जीवन में कितनी भी ऊंचाई हासिल हो, ‘सेवा परमो धर्म:’ के भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
वडनगर जन्मभूमि, काशी कर्मभूमि- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडनगर और वाराणसी के ऐतिहासिक महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों शहर हजारों वर्षों से जीवंत हैं। उनके लिए वडनगर जन्मभूमि है, जबकि वाराणसी कर्मभूमि है। पीएम मोदी ने कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद है और वडनगर हाटकेश्वर महादेव के आशीष की भूमि है। उन्होंने सेवा यात्रियों से कहा कि दोनों शहरों के बीच सेवा का यह अभियान अपने आप में महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्हें यात्रा पर निकले कुछ प्रतिभागियों से बात करने का मौका मिला। उनके अनुभव सुनकर ऐसा लगा जैसे वह भी उनके साथ यात्रा कर रहे हों।
सेवाभाव से आगे बढ़ती हैं कल्याणकारी योजनाएं
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब काम करने के पीछे सेवाभाव होता है तो उसका असर समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचता है। उन्होंने मुफ्त अनाज योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि सेवाभाव के कारण ही ऐसी पहल आगे बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि वडनगर से वाराणसी के बीच यात्रा कर रहे प्रतिभागियों ने रास्ते में सेवा से जुड़े कई कार्यों को देखा है। इस दौरान स्थानीय स्तर पर लोगों से संपर्क और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी भी की जा रही है।
विकसित भारत में युवाओं की बड़ी भूमिका
युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीति, चुनाव और शासन व्यवस्था अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्र निर्माण का कार्य सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में युवाशक्ति की भूमिका को मजबूती से आगे बढ़ाना होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी विकसित भारत की निर्माता भी है और भविष्य में इसकी बड़ी लाभार्थी भी होगी। इसलिए युवाओं के लिए देश को जमीन पर समझना जरूरी है।
सेवा यात्रा से देश को करीब से समझने का मौका
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों को समझने के लिए युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों के लोगों से मिलना चाहिए। उनके सपनों, आकांक्षाओं और समस्याओं को समझना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा युवाओं को देश को करीब से जानने और समझने का अवसर दे रही है। यात्रा के दौरान लोगों से सीधे संवाद और सेवा गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अनुभव मिल रहा है। वडनगर से वाराणसी तक चल रहे इस अभियान को प्रधानमंत्री की जन्मभूमि और कर्मभूमि को जोड़ने वाले सेवा प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री ने सेवा यात्रियों से सेवा के भाव को आगे बढ़ाते रहने का आह्वान किया।


