Bareilly: लड़िया क्षेत्र में पिछले करीब तीन महीने से ग्रामीणों में दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। वन विभाग की ओर से अमीर नगर के जंगल में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ फंस गया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम तेंदुए को अपने साथ ले गई। पिछले तीन महीने से तेंदुए की लगातार मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल था।
लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे गांव ग्रामीणों ने पिंजरे में तेंदुए को फंसा देखा और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने छह सितंबर को अमीर नगर के जंगल में पिंजरा लगाया था। तेंदुए को पिंजरे की ओर आकर्षित करने के लिए उसमें बकरी बांधी गई थी। रात में तेंदुआ बकरी के लालच में पिंजरे के अंदर पहुंचा और उसमें कैद हो गया। पिंजरा लगाए जाने के 16 दिन बाद वन विभाग को सफलता मिली। तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।







