Varanasi News : यूपी के वाराणसी से इस वक्त की बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। वाराणसी में पुलिस और सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लाख रुपये के इनामी खूंखार नक्सली को ढेर कर दिया है। इस इनामी नक्सली की पहचान बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह के रूप में हुई है, जो झारखंड के प्रतिबंधित संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) का टॉप कमांडर था। करीब 8 साल पहले NIA ने उसे टेरर फंडिंग के मामले में वांटेड घोषित किया था।
30 लाख का इनामी नक्सली: जानिए किस पर था कितना इनाम?
आपको बता दें कि इस कुख्यात नक्सली कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह पर कुल 30 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित था। इसमें से झारखंड सरकार ने उस पर 25 लाख रुपये का इनाम रखा था, जबकि टेरर फंडिंग केस से जुड़ी जांच के चलते राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी उस पर 5 लाख रुपये की इनामी राशि तय की हुई थी। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थीं।
बृजेश गंझू एनकाउंटर: वाराणसी में तड़के क्या-क्या हुआ?
घटना 20 सितंबर की तड़के की है। बृजेश गंझू अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय की तरफ बढ़ रहा था। मुखबिर से सटीक इनपुट मिलने के बाद UP ATS और पुलिस टीम ने रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान के पास उसे घेरकर रोकने की कोशिश की।
खुद को घिरता देख नक्सली बाइक से कूदा और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगा। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ क्रॉस फायरिंग की। इस मुठभेड़ में UP ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां भी लगीं, लेकिन बुलेटप्रूफ गियर की वजह से दोनों अधिकारी बाल-बाल बच गए। वहीं, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल नक्सली को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
UP ATS वाराणसी मुठभेड़ पर पुलिस अधिकारियों का बड़ा बयान
मुठभेड़ के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता और IG ऑपरेशन्स नरेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हमें IG STF से जानकारी मिली है कि वाराणसी में एक मुठभेड़ के दौरान 30 लाख का इनामी नक्सली बृजेश गंझू मारा गया है। वह झारखंड में प्रतिबंधित संगठन ‘तृतीय प्रस्तुति कमिटी’ का चीफ था और कई गंभीर मामलों में NIA का वांटेड अपराधी था। फिलहाल वाराणसी के काशी जोन के बड़े अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचकर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटे हैं। यह पहली बार नहीं है जब नक्सलियों के खिलाफ इतना बड़ा एक्शन देखने को मिला है। इससे कुछ ही समय पहले छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भी सुरक्षाबलों ने 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली ‘रूपी’ को मुठभेड़ में मार गिराया था। देश के अलग-अलग हिस्सों में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे इस तरह के अभियानों से नक्सली संगठनों की कमर टूटती नजर आ रही है।







