PM Modi Birthday blood donation camp: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के खास अवसर पर देश भर में समाज सेवा से जुड़े कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राजधानी दिल्ली में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने खुद पहुंचकर रक्तदान किया और आम लोगों को भी जनसेवा के इस कार्य से जुड़ने की प्रेरणा दी।
ब्लड डोनेशन कैंप (blood donation camp) और 2,500 यूनिट का लक्ष्य
संवाददाताओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने बताया कि दिल्ली सरकार ने PM Modi के सेवा और राष्ट्र-समर्पण के विजन को ध्यान में रखते हुए इस मेगा ब्लड डोनेशन कैंप (mega blood donation camp) की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि इस शिविर के जरिए लगभग 2,500 यूनिट ब्लड इकट्ठा करने का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली के हजारों नागरिक इस पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन जनसेवा के प्रति समर्पित है और उनके जन्मदिन पर जनता की सेवा करना ही उन्हें सबसे सच्ची श्रद्धांजलि है।

अंगदान के लिए लॉन्च होगा नया सरकारी प्लेटफॉर्म
रक्तदान शिविर के साथ-साथ दिल्ली सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार अंगदान को बढ़ावा देने के लिए एक आधिकारिक पोर्टल और प्लेटफॉर्म शुरू कर रही है। इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने वाली वह खुद पहली अंगदाता बनेंगी। उनका मानना है कि इस पहल से अंगदान को लेकर समाज में जागरूकता फैलेगी और कई ज़रूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकेगा।
108 कुंडीय हवन और सुंदरकांड का पाठ
रक्तदान शिविर से पहले, पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए दिल्ली धाम स्थित श्री खाटू श्याम विशाल मंदिर में 108 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना और हवन में भाग लिया। इस धार्मिक अनुष्ठान में हजारों ट्रस्टियों के साथ-साथ दिव्यांग बच्चों ने भी हिस्सा लिया और सुंदरकांड का पाठ किया।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन पर चलने का संकल्प
मुख्यमंत्री गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि बाबा श्याम से यही प्रार्थना है कि वे देश के प्रधानसेवक को निरंतर शक्ति, ऊर्जा और सफलता प्रदान करते रहें। उन्होंने कहा कि देश के विकास और जन-कल्याण के लिए प्रधानमंत्री ने जो रास्ता दिखाया है, उस पर चलकर काम करना ही हम सभी का मुख्य कर्तव्य है।
यह भी पढ़ें: PM Modi के जन्मदिन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM Yogi ने बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन-पूजन







