NCC Aparajita Trek 2026: देश की युवा महिलाओं के साहस और जज्बे को दर्शाने वाली एक बड़ी खबर लद्दाख से सामने आई है। राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की 20 महिला कैडेटों की टीम ने ‘अपराजिता-परांग ला 2026’ ट्रेक (Aparajita – Parang La 2026) को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। 16 सितंबर 2026 को लद्दाख (Ladakh) के करज़ोक में NCC के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स और रक्षा मंत्रालय की अपर सचिव दीप्ति मोहिल चावला ने इस साहसी टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया।
30 दिनों में तय की 250 किलोमीटर की यात्रा
इस कठिन अभियान के दौरान देशभर से चुनी गई महिला कैडेटों ने हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी को लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र से जोड़ने वाले 5,578 मीटर ऊंचे परांग ला दर्रे को पार किया। पूरी टीम ने ग्लेशियरों, बर्फ से ढके मैदानों और उफनती नदियों के बीच से गुजरते हुए 30 दिनों में लगभग 250 किलोमीटर का सफर तय किया। हिमाचल प्रदेश के किब्बर से शुरू हुई यह यात्रा लद्दाख के करज़ोक में खत्म हुई। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath singh) ने 18 अगस्त 2026 को नई दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता को मिला बढ़ावा
इस खास ट्रेक का मुख्य उद्देश्य युवा महिलाओं को साहसिक गतिविधियों से जोड़ना, उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना था। एनसीसी के महानिदेशक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, सहनशक्ति और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
यह भी पढ़ें: UPI Charges: 2,000 रुपये से अधिक UPI मर्चेंट लेनदेन MDR पर रिजर्व बैंक ने दिया बड़ा बयान







