Chia Seeds Side Effects : इन 5 लोगों को चिया सीड्स से बना लेनी चाहिए दूरी, हो सकता है नुकसान

Share This Article

Chia Seeds Side Effects : आजकल चिया सीड्स को एक सुपरफूड की तरह देखा जाता है। वजन घटाना हो, पाचन सुधारना हो या फिर इम्युनिटी बढ़ानी हो, लोग अपनी डाइट में इसे झटपट शामिल कर लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर सेहतमंद चीज़ हर इंसान के शरीर को सूट नहीं करती? मशहूर गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर शुभम वत्स का मानना है कि कुछ खास सेहत समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए चिया सीड्स का सेवन फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकता है। आइए विस्तार से जानते हैं कि किन परिस्थितियों में चिया सीड्स से दूरी बना लेना ही समझदारी है।

लो ब्लड प्रेशर के मरीज

चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड और पोटैशियम प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। ये दोनों ही पोषक तत्व प्राकृतिक रूप से ब्लड प्रेशर को कम करने का काम करते हैं। ऐसे में अगर आप पहले से ही लो बीपी की समस्या से परेशान हैं, तो चिया सीड्स आपका ब्लड प्रेशर और ज्यादा गिरा सकते हैं। इससे आपको अचानक चक्कर आना, सुस्ती, कमजोरी महसूस होना या बेहोशी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। खासकर जिन महिलाओं को अक्सर लो बीपी रहता है, उन्हें इसके ज्यादा सेवन से बचना चाहिए।

आंत और पेट से जुड़ी समस्याओं में

चिया सीड्स में घुलनशील फाइबर (Soluble Fiber) बहुत ज्यादा होता है। वैसे तो फाइबर सेहत के लिए अच्छा होता है, लेकिन अगर आपको अक्सर गैस, ब्लोटिंग, पेट में ऐंठन या इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS) जैसी आंतों से जुड़ी समस्याएं रहती हैं, तो यह एक्स्ट्रा फाइबर आपके पाचन तंत्र पर भारी पड़ सकता है। इससे आपका पेट फूल सकता है और दर्द या एसिडिटी की शिकायत बढ़ सकती है।

खून पतला करने वाली दवाएं लेने वाले लोग

यदि आप एस्पिरिन जैसी ब्लड थिनर (खून पतला करने वाली) दवाइयों का सेवन कर रहे हैं, तो चिया सीड्स खाने में थोड़ी सावधानी बरतें। चिया सीड्स में मौजूद ओमेगा-3 भी प्राकृतिक रूप से खून को पतला करने में मदद करता है। जब दवा और चिया सीड्स एक साथ शरीर में जाते हैं, तो किसी भी छोटी चोट में अधिक ब्लीडिंग होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

किडनी की बीमारी या स्टोन के मरीज

किडनी के मरीजों के लिए भी चिया सीड्स पूरी तरह सुरक्षित नहीं माने जाते। दरअसल, इनमें पोटैशियम, फास्फोरस और ऑक्सालेट की मात्रा काफी अधिक होती है। जब किडनी ठीक से काम नहीं कर रही होती है, तो वह इन तत्वों को आसानी से शरीर से बाहर नहीं निकाल पाती। इससे किडनी पर एक्स्ट्रा दबाव पड़ता है और किडनी स्टोन (पथरी) बनने का जोखिम भी बढ़ जाता है।

कम पानी पीने वाले लोग

चिया सीड्स की सबसे खास बात यह होती है कि ये अपने वजन से 10 से 12 गुना ज्यादा पानी सोख लेते हैं। अगर आप इन्हें बिना भिगोए सूखा खाते हैं या इनका सेवन करने के बाद दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीते, तो ये आपकी भोजन नली या आंतों में जाकर फूल सकते हैं। इससे खाना निगलने में तकलीफ, पेट में रुकावट और कब्ज जैसी गंभीर समस्याएं खड़ी हो सकती हैं।

read more : UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत को किया नमन

Disclaimer: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This