Bareilly के सीबीगंज इलाके में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मथुरापुर के पास पेट्रोल से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे के तुरंत बाद टैंकर से ईंधन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
ऑटो को बचाने के चक्कर में बिगड़ा संतुलन
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, यह टैंकर आंवला डिपो से पेट्रोल भरकर रामपुर की तरफ जा रहा था। मथुरापुर के पास आगे चल रहे एक ऑटो को बचाने की कोशिश में चालक ने गाड़ी को साइड में लिया। इस दौरान टैंकर का एक पहिया सड़क किनारे खाई में उतर गया। टैंकर में भारी वजन होने की वजह से गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में पलट गई।
एहतियात के तौर पर रोका गया ट्रैफिक
हादसे की जानकारी मिलते ही सीबीगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रिसाव के कारण आग लगने की आशंका को देखते हुए रामपुर रोड पर दोनों तरफ से गाड़ियों की आवाजाही बंद करा दी गई, ताकि किसी चिंगारी से बड़ा हादसा न हो। इसके बाद क्रेन बुलवाकर टैंकर को सुरक्षित सीधा कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की पूरी जानकारी जुटानी शुरू की।
यह भी पढ़ें: Nepal Flood Relief India: नेपाल में प्राकृतिक आपदा के बीच भारत की मदद जारी, चिलिमे सुरंग में बचाव कार्य तेज







