Kaushambi Firecracker Factory : उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण धमाके ने हर किसी को झकझोर दिया है। हादसे में कई लोगों की जान चली गई, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक मदद का भी ऐलान किया है।
कौशांबी पटाखा फैक्टरी हादसा
सोमवार दोपहर कौशांबी जिले में एक पटाखा फैक्टरी में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि फैक्टरी की इमारत के साथ आसपास के छह घर भी बुरी तरह प्रभावित हुए।
हादसे में आठ बच्चों समेत 11 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि पांच लोग घायल बताए गए हैं। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव का काम तेज किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि कौशांबी में पटाखा फैक्टरी हादसे में लोगों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया। हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 2 लाख रुपये, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी जताई संवेदना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी कौशांबी पटाखा फैक्टरी हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अधिकारियों के मुताबिक, फैक्टरी का लाइसेंस साल 2024 में ही रद्द किया जा चुका था। इस जानकारी के सामने आने के बाद हादसे को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। हादसे के बाद NDRF, SDRF, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दलों ने मलबे को हटाकर लोगों की तलाश शुरू की। अभियान में वायु सेना के जवान भी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: PM SVANidhi से बदली बबीता शर्मा की जिंदगी | ₹10 हजार से शुरू किया कारोबार, अब आत्मनिर्भर बनीं







