Nepal Floods: Nepal में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस मुश्किल समय में भारत अपने पड़ोसी देश नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा है। भारत की तरफ से राहत सामग्री और एक्सपर्ट्स की टीमें नेपाल भेजी जा रही हैं, ताकि वहां जारी बचाव और राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके।
भारतीय राजदूत ने टीम से की मुलाकात
नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने रविवार को काठमांडू पहुंची भारतीय फोरेंसिक टीम के सदस्यों से मुलाकात की। यह टीम रसुवा क्षेत्र में आई बाढ़ में जान गंवाने वाले पीड़ितों के शवों की पहचान करने के लिए वहां गई है। राजदूत ने टीम का हौसला बढ़ाया और दोहराया कि भारत इस आपदा की घड़ी में नेपाल को हर संभव सहयोग देता रहेगा।
डीएनए सैंपल एनालिसिस में मिलेगी मदद
भारतीय विदेश मंत्रालय और राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की जानकारी दी। भारतीय फोरेंसिक टीम नेपाल के अपने समकक्ष अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेगी। यह टीम खास तौर पर डीएनए सैंपल के एनालिसिस में मदद करेगी, जिससे बाढ़ पीड़ितों के शवों की पहचान जल्दी और सटीक तरीके से हो सके।
चौथी उड़ान से पहुंची 11 टन राहत सामग्री
भारत की तरफ से नेपाल भेजी गई यह चौथी राहत उड़ान थी। इस स्पेशल फ्लाइट से करीब 11 टन जरूरी सामान काठमांडू पहुंचाया गया। राहत सामग्री में कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट और हाइजीन किट शामिल हैं। सामग्री के अलावा इसमें खोज व बचाव कार्यों के लिए जरूरी उपकरणों से लैस टनल टेक्निकल टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स भी नेपाल पहुंचे हैं। भारत की यह त्वरित सहायता दोनों देशों के बीच के गहरे और मजबूत रिश्तों को दर्शाती है।
यह भी पढ़ें: 18,600 फीट की ऊंचाई पर सेना का सांसें थमा देने वाला रेस्क्यू ऑपरेशन! Ladakh में बची जान







