Gorakhpur station: गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को वैशाली एक्सप्रेस (Vaishali Express) करीब 38 मिनट तक खड़ी रही। वजह थी गार्ड के बैठने के लिए कुर्सी का उपलब्ध न होना। गार्ड यान में लगी कुर्सी टूटी होने के कारण गोरखपुर से ड्यूटी संभालने पहुंचे गार्ड रामाशीष दास ने कुर्सी की व्यवस्था होने तक ट्रेन आगे ले जाने से इनकार कर दिया।
ट्रेन का सिग्नल हो चुका था, लेकिन गार्ड अपनी मांग पर अड़े रहे। मामला अधिकारियों तक पहुंचने पर उन्हें आगे बैठने की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद गार्ड ने स्टेशन अधीक्षक को मेमो सौंपा और ट्रेन रवाना हुई। देवरिया स्टेशन (Deoria station) पर गार्ड के बैठने के लिए एक छोटा टेबल उपलब्ध कराया गया। रेलवे के मुताबिक, गार्ड यान में इनबिल्ट चेयर होती है और अलग से कुर्सी या स्टूल देने का प्रावधान नहीं है।








