Ram Mandir CEO Selection : अयोध्या स्थित श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन के लिए आयोजित इंटरव्यू की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। 11 और 12 अगस्त को राम मंदिर परिसर में चले इन इंटरव्यूज में उम्मीदवारों के प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ हिंदू धर्म, रीति-रिवाजों और परंपराओं के प्रति उनकी आस्था का विशेष ध्यान रखा गया।
इंटरव्यू में खान-पान और पहनावे से जुड़े पूछे गए सवाल
सीईओ पद के दावेदारों के चयन के लिए आयोजित इंटरव्यू और ऑनलाइन इंटरेक्शन के दौरान कई व्यक्तिगत और धार्मिक विषयों पर सवाल किए गए। उम्मीदवारों से पूछा गया कि वे पूर्णतः शाकाहारी हैं या नहीं, शराब का सेवन तो नहीं करते और जनेऊ धारण करते हैं या नहीं। इसके अलावा उनसे यह भी जाना गया कि क्या वे हिंदू रीति-रिवाजों के अनुरूप पारंपरिक वस्त्र पहनने में सहज हैं और भगवान श्री राम के प्रति उनकी कैसी आस्था है।
सामाजिक और धार्मिक संगठनों में अनुभव पर जोर
चयन प्रक्रिया में उम्मीदवारों के सामाजिक और धार्मिक योगदान को भी परखा गया। उनसे पूछा गया कि वे पहले किसी सामाजिक, धार्मिक संगठन या मंदिर ट्रस्ट से जुड़े रहे हैं या नहीं और उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में कितने वर्षों तक कार्य किया है। साथ ही उम्मीदवारों से उनकी नेतृत्व क्षमता, उनके अधीन काम कर चुके कर्मचारियों की संख्या और रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के भावी संचालन के लिए उनके विजन, रणनीतिक प्लान और सुझाव भी मांगे गए।
5,585 आवेदनों में से 16 उम्मीदवारों का हुआ इंटरव्यू
ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए कुल 5,585 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 3,877 उम्मीदवारों ने गूगल फॉर्म के जरिए अपना सीवी जमा किया। प्रारंभिक स्क्रूटनी के बाद 1,580 लोगों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिनमें से 111 उम्मीदवारों को ऑनलाइन इंटरेक्शन के लिए बुलाया गया। अंततः 50 से 70 वर्ष की आयु वर्ग के 16 प्रमुख उम्मीदवारों को दो दिवसीय भौतिक इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया गया, जिनमें पूर्व सैन्य अधिकारी, सेवानिवृत्त आईएएस व आईपीएस अधिकारी तथा उच्च श्रेणी के पेशेवर शामिल थे।
सेलेक्ट कमेटी सौंपेगी 3 नामों का पैनल
सीईओ के निष्पक्ष चयन के लिए ट्रस्ट द्वारा एक विशेष सेलेक्ट कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल वी.के. चतुर्वेदी और न्यूक्लियर साइंटिस्ट सुरेश हावरे शामिल हैं। सेलेक्ट कमेटी के सदस्य सुरेश हावरे के अनुसार, समिति जल्द ही अंतिम तीन चयनित उम्मीदवारों का एक पैनल श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपेगी, जिसके बाद ट्रस्ट इन तीन में से किसी एक नाम पर अंतिम मुहर लगाकर सीईओ का औपचारिक ऐलान करेगा।







