UP Roadways Special Bus : बहनों के लिए यूपी सरकार का बड़ा तोहफा, 26 से 31 अगस्त तक चलेंगी अतिरिक्त बसें । DD News Uttar Pradesh

Share This Article

UP Roadways Special Bus :  रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपने भाइयों तक पहुंचने वाली बहनों और आम यात्रियों की सहूलियत के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश में सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देशानुसार 26 अगस्त से 31 अगस्त तक लगातार छह दिनों के लिए पूरे प्रदेश में अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

प्रमुख मार्गों और पूर्वांचल पर रहेगा विशेष ध्यान

त्योहार के अवसर पर यात्रियों की भारी आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश की दिशा में जाने वाली बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही लखनऊ और कानपुर जैसे प्रमुख शहरों के लिए भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली और दिल्ली से अलीगढ़-कानपुर होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाली बसों के संचालन संबंधी प्रतिबंधों में ढील दी गई है, जिससे दिल्ली से पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को समय पर बसें उपलब्ध हो सकेंगी।

बस अड्डों पर मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

सरकार ने केवल बसों की संख्या बढ़ाने पर ही ध्यान केंद्रित नहीं किया है, बल्कि बस अड्डों पर यात्रियों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा है। सभी बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त रोशनी और पंखों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों को बसों की आवाजाही की जानकारी देने के लिए 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जाएगी, वहीं भीड़ वाले स्टेशनों पर पर्यवेक्षक और अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे।

कर्मचारियों और चालकों के लिए प्रोत्साहन योजना

रक्षाबंधन के दौरान लगातार सेवाएं देने वाले परिवहन कर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजना लागू की गई है। छह दिनों की अवधि में 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले चालकों और परिचालकों को 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संविदा चालकों को तय सीमा से अधिक दूरी तय करने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर की अतिरिक्त राशि मिलेगी, जबकि डिपो और कार्यशाला में लगातार छह दिन उपस्थित रहने वाले तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: Har Ghar Tiranga Campaign: उपराष्ट्रपति C. P. Radhakrishnan ने बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी। DD News Uttar Pradesh

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This