उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में एक बड़े कार्यक्रम के दौरान महत्वपूर्ण घोषणा की है। सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान के मंच से उन्होंने ऐलान किया कि भदोही जिला अब फिर से ‘संत रविदास नगर’ (Sant Ravidas Nagar) के नाम से पहचाना जाएगा।
श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के मौके पर पहुंचे CM Yogi ने स्पष्ट किया कि संत रविदास जी की विरासत पूरे देश और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान है। सरकार इस सांस्कृतिक विरासत को पूरा सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
Bhadohi का नया नाम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग समाज को बांटने की राजनीति करते हैं, वे संत रविदास जी के विचारों को कभी नहीं समझ सकते। सीएम योगी के अनुसार, संत रविदास ने हमेशा समाज को जोड़ने और समरसता का संदेश दिया, जबकि कुछ दलों ने हमेशा समाज में विभाजन पैदा करने का काम किया है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने याद दिलाया कि किस तरह समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान कन्नौज में डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया गया था। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार संतों और महापुरुषों के योगदान को हमेशा सर्वोपरि मानती है।
डिप्टी सीएम ने विपक्षी दल पर साधा निशाना
इस भव्य आयोजन के दौरान मंच पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब संत रविदास नगर का नाम बदलकर वापस भदोही कर दिया गया था।
डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्षी दल कभी भी सनातन और भारतीय संस्कृति या पूज्य संतों का सम्मान नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर आज इतना भव्य कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, वहां पहले असामाजिक तत्वों का कब्जा था। भाजपा सरकार ने उस स्थान को खाली करवाकर वहां संत शिरोमणि रविदास जी की विशाल प्रतिमा स्थापित की है।
इस घोषणा के बाद से ही क्षेत्र के लोगों और संत रविदास जी के अनुयायियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशासन अब नाम परिवर्तन से जुड़ी औपचारिक प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुट गया है।
यह भी पढ़ें: ‘Anti paper leak bill 2026’ लोकसभा से पास, अब आज राज्यसभा में पेश होने की तैयारी







