Lucknow Airport China Plane : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से एक बड़ी और दिलचस्प खबर सामने आई है। चीन से काठमांडू जा रहा एक अंतरराष्ट्रीय यात्री विमान अचानक मौसम खराब होने के कारण लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। यह पहली बार हुआ है जब चीन की किसी एयरलाइन का विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा। आइए जानते हैं कि रविवार रात को यह पूरी घटना कैसे हुई। चीन के ग्वांगझोउ शहर से नेपाल की राजधानी काठमांडू जा रहा चाइना सदर्न एयरलाइंस का विमान (उड़ान संख्या CZ 3067) अपने निर्धारित समय पर लैंड करने वाला था। लेकिन काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास अचानक मौसम बहुत खराब हो गया। तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण वहां के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने लैंडिंग की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
159 यात्रियों के साथ सुरक्षित लैंडिंग
काठमांडू में लैंडिंग न मिलने के बाद विमान के पायलट ने तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। अनुमति मिलते ही एयरबस A320neo विमान का रूट बदला गया और इसे लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया। विमान में कुल 159 यात्री सवार थे। रात करीब 11:18 बजे इस विमान ने लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पूरी तरह सुरक्षित लैंडिंग की।
लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद सुरक्षा और जरूरी कागजी कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की गई। लगभग दो घंटे तक विमान लखनऊ में ही खड़ा रहा। इस दौरान जैसे ही काठमांडू में मौसम सामान्य हुआ और स्थिति सुधरी, विमान ने देर रात करीब 2 बजे 159 यात्रियों के साथ दोबारा काठमांडू के लिए उड़ान भरी।






