Commonwealth Games 2026 से भारत के लिए बेहद अच्छी खबर आई है। पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुषों के हैवीवेट वर्ग में देश के लिए पहला पदक जीत लिया है। उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम कर भारत का खाता खोला। उनकी इस शानदार सफलता पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।
PM Modi और खेल मंत्री ने दी बधाई
झंडू कुमार की इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उनकी यह उपलब्धि मेहनत, ताकत और संकल्प का नतीजा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तरह का प्रदर्शन करके उन्होंने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। वहीं केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि झंडू ने 190 किलोग्राम का भार उठाकर ब्रॉन्ज मेडल जीता है, जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।
A spectacular performance by Jhandu Kumar, who has opened India’s medal tally at the #CWG2026 by winning a Bronze in the Men’s Heavyweight Para Powerlifting event! Congratulations to him. His achievement is a powerful reflection of immense strength, unwavering determination and… pic.twitter.com/kMdkU6RRAF
— Narendra Modi (@narendramodi) July 25, 2026
संघर्षों से भरा रहा झंडू कुमार का सफर
यह मेडल झंडू कुमार के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। एक वक्त ऐसा भी था जब आर्थिक तंगी की वजह से उन्हें परिवार चलाने के लिए ई-रिक्शा चलाना पड़ा और सब्जियां तक बेचनी पड़ीं। तमाम दिक्कतों के बाद भी उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी और पैरा पावरलिफ्टिंग के अपने अभ्यास को लगातार जारी रखा। उनकी यह लगन आज रंग लाई है।
‘मैंने अपना सपना कभी नहीं छोड़ा’
अपनी जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए झंडू ने कहा कि उन्होंने बहुत परेशानियां देखी हैं, लेकिन देश के लिए खेलने का सपना कभी आंखों से ओझल नहीं होने दिया। उन्हें हमेशा भरोसा था कि एक दिन वे भारत का झंडा जरूर फहराएंगे। उन्होंने कहा कि यह मेडल उन सभी लोगों का है जिन्होंने मुश्किल समय में उनका साथ दिया।
इस हैवीवेट स्पर्धा में नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग के हाथ सिल्वर मेडल आया। वहीं झंडू कुमार ने तीसरा स्थान हासिल कर भारत को Commonwealth Games 2026 का पहला पदक दिलाया।
यह भी पढ़ें: PM Modi Instagram Video Record: 30 करोड़ व्यूज के साथ पीएम मोदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, युवाओं का जताया आभार


