Anantnag Terror Attack: दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बेहद सख्त कदम उठाया है। अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस के हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की शहादत के तुरंत बाद प्रशासन और सुरक्षा बलों ने मिलकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े दो सक्रिय आतंकियों के ठिकानों घरों को धमाके से उड़ा दिया। यह पूरी कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना की 1 RR और CRPF की 90वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से की है। इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया है कि घाटी में शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
जानिए क्या है पूरा मामला
अनंतनाग के लाल चौक इलाके में आतंकियों ने अचानक पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी थी। इस कायरतापूर्ण हमले में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन शहीद हो गए। हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी की और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
इसी कार्रवाई के तहत बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात लश्कर के दो सक्रिय आतंकियों—आदिल ठोकर और हारून रशीद गनई के घरों को जमींदोज कर दिया गया। बिजबेहड़ा के गुरी इलाके के रहने वाले आदिल ठोकर का घर दूसरी बार गिराया गया है, इससे पहले अप्रैल 2025 में उसका पुश्तैनी मकान गिराया गया था। वहीं 2018 से लश्कर में सक्रिय आतंकी हारून रशीद गनई का एक मंजिला मकान भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
घाटी में सुरक्षा व्यवस्था हुई और सख्त
अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरे अनंतनाग और आसपास के जिलों में चौकसी कई गुना बढ़ा दी गई है। जगह-जगह सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि आतंकवाद और उनके मददगार नेटवर्क (OGWs) के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
‘zero tolerance’ नीति के तहत सख्त संदेश
कश्मीर में आतंकवाद के खात्मे को लेकर सरकार और सुरक्षा बलों का रुख एकदम साफ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra) में खलल डालने या बेगुनाहों को निशाना बनाने की कोशिश करने वाले आतंकियों और उनके समर्थकों पर कड़ा प्रहार जारी रहेगा। फिलहाल पूरे इलाके में हाई अलर्ट है और सुरक्षा बल चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद हैं।
यह भी पढ़ें: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, PM MODI ने fast track court का किया ऐलान | Neet Paper Leak







