Meerut : 30 जुलाई से शिव भक्तों की आस्था का बड़ा पर्व यानी कांवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है। अगर आप भी इस दौरान यात्रा करने की सोच रहे हैं या आपके आसपास से कांवड़ मार्ग गुजरता है, तो यह खबर आपके बड़े काम की है। इस बार प्रशासन का पूरा जोर इस बात पर है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो और आम जनता को भी ट्रैफिक जाम से न जूझना पड़े।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने हाल ही में Meerut कमिश्नर कार्यालय में एक बड़ी समीक्षा बैठक की। इसमें दिल्ली, उत्तराखंड और हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। आइए जानते हैं कि इस बार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए क्या खास कदम उठाए गए हैं।
ट्रैफिक और एक्सप्रेस-वे के लिए विशेष प्लान
यात्रा के दौरान अक्सर सबसे बड़ी चुनौती ट्रैफिक संभालने की होती है। इस बार दिल्ली-सहारनपुर एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे को ध्यान में रखते हुए खास ट्रैफिक डायवर्जन योजना तैयार की गई है। प्रशासन का कहना है कि रूट डायवर्जन की जानकारी समय रहते आम लोगों और कांवड़ संघों तक पहुंचा दी जाएगी, ताकि किसी को अचानक रास्ते बंद होने से परेशानी न झेलनी पड़े।
सुरक्षा और संवाद पर मुख्य फोकस
डीजीपी राजीव कृष्ण ने स्पष्ट किया कि इस बार यात्रा का मुख्य लक्ष्य “Zero Incident, Zero Accident” रखा गया है। इसके लिए कुछ खास दिशा-निर्देश दिए गए हैं:
-
स्थानीय संयोजकों से बातचीत: यात्रा शुरू होने से पहले डीजे संचालकों, शिविर आयोजकों और कांवड़ संघों के साथ बैठक की जाएगी। उन्हें कोर्ट के आदेशों और डीजे के तय मानकों की जानकारी दी जाएगी।
-
इंटेलिजेंस नेटवर्क सक्रिय: किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए खुफिया तंत्र को पूरी तरह अलर्ट पर रखा गया है।
-
अफ़वाहों पर लगाम: सोशल मीडिया पर फैलने वाली फेक न्यूज़ और अफवाहों का तुरंत खंडन करने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
होल्डिंग एरिया: अंतरराज्यीय सीमाओं पर शिव भक्तों के लिए सभी जरूरी सुविधाओं से लैस होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं।
Muzaffarnagar में कंट्रोल रूम का उद्घाटन
समीक्षा बैठक के बाद डीजीपी मुजफ्फरनगर पहुंचे, जहां उन्होंने शिव चौक स्थित कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। वहां उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने हरिद्वार से आ रहे कांवड़ियों का स्वागत भी किया और उनसे व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। प्रशासन की पूरी कोशिश है कि इस बार भक्तों की यात्रा भक्तिमय, सुरक्षित और सुखद रहे।
यह भी पढ़ें: UP Cabinet : योगी सरकार की बड़ी सौगात! यूपी में बनेंगे 2 नए एक्सप्रेसवे, छात्राओं को मिलेगी स्कूटी







