UP weather update: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने एक बार फिर अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह होते ही आसमान से बरसती तेज धूप और ऊपर से उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के वक्त घर से बाहर पैर रखना भी भारी पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल इस तपिश से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहने वाला है।

प्रयागराज और वाराणसी में पारा 45 पार
संगम नगरी प्रयागराज और बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में सूरज आग उगल रहा है। पिछले 24 घंटों में प्रयागराज पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।
मौसम विभाग (IMD) ने आज भी प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर और गाजीपुर समेत करीब 26 जिलों में तेज लू (हीट वेव) चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सीतापुर, गोंडा, बाराबंकी, अमेठी, प्रतापगढ़, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र जैसे जिलों में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।
पश्चिमी यूपी में शुष्क रहेगा मौसम
अगर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर जैसे जिलों में आज मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। इन इलाकों में सुबह से ही आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इन जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे दोपहर में अच्छी-खासी तपिश महसूस होगी।

कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के आसार
इस भीषण गर्मी के बीच राहत की एक छोटी सी उम्मीद बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कुछ हिस्सों से आ रही है। शुक्रवार को झांसी, बांदा, चित्रकूट, ललितपुर और महोबा में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
इसी तरह पूर्वांचल के गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ और गाजीपुर में भी एक-दो जगहों पर बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि इस छिटपुट बारिश से तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी और उमस बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश में अगले 4 दिनों तक यानी 24 जून तक गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। इस तीखी गर्मी का असर मानसून की रफ्तार पर भी पड़ा है, जिससे अब इसके 24-25 जून तक यूपी पहुंचने की उम्मीद है। तब तक के लिए जरूरी है कि आप दोपहर में बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और खुद को हाइड्रेटेड रखें।
यह भी पढ़ें: PM Kisan Samman nidhi 23वीं किस्त: किसानों का इंतजार खत्म, पर 2 लाख लोगों के नाम कटे; तुरंत चेक करें लिस्ट






