UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में पिछले दो हफ्तों से जारी आंधी, तूफान और बारिश का सिलसिला अब पूरी तरह से थम गया है, जिसके बाद राज्य में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। रविवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में आसमान पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप रिकॉर्ड की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कमजोर पड़ने के कारण फिलहाल तत्काल बारिश के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों में तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में पारा 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। इसके साथ ही 9 जून से अगले तीन दिनों के लिए राज्य में भीषण लू (Heatwave) का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
24 जून तक आ सकता है मानसून, इस साल सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, राज्य में बारिश और आंधी का सिस्टम अब पूरी तरह खत्म हो चुका है और प्री-मानसून बारिश से पहले भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश में मानसून अपनी सामान्य तारीख से 4 से 6 दिन की देरी से, यानी 24 जून के आसपास गोरखपुर के रास्ते प्रवेश कर सकता है। राहत की बात यह है कि 11 जून के बाद कुछ हिस्सों में प्री-मानसून बौछारें शुरू हो सकती हैं। हालांकि, मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. एम महापात्रा ने बताया कि प्रशांत महासागर में ला नीना की स्थिति खत्म होने और अल नीनो की ओर बढ़ने के कारण इस साल जून से सितंबर के बीच यूपी में सामान्य से कम बारिश होने के संकेत हैं। यह पिछले साल (2025) के मुकाबले काफी कम होगी, जब मानसून में सामान्य से 10 से 15 प्रतिशत अधिक (870 से 900 मिमी) बारिश दर्ज की गई थी।
शनिवार को कई जिलों में हुई थी भारी बारिश
इससे पहले शनिवार को पूवांचल के वाराणसी, कौशांबी, मऊ, बलिया और गाजीपुर सहित कई जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, भारी बारिश हुई और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। गोरखपुर में धूल भरी आंधी चली, जिससे लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिली। हालांकि, अमेठी में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां मिट्टी की दीवार गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार को 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ झांसी सबसे गर्म शहर रहा। इस बार यूपी में ‘नौतपा’ का असर बेअसर रहा था और आंधी-बारिश के कारण तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई थी, जिससे पारा 47.6 डिग्री से गिरकर 38 डिग्री तक आ गया था।
UP Weather Alert: अगले 3 दिनों के मौसम का हाल और इन जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट
-
7 जून: राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, धूप-छांव के बीच उमस बढ़ सकती है।
-
8 जून: पूरे राज्य में मौसम साफ रहेगा, तेज धूप खिलेगी और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
-
9 जून: अधिकांश जिलों में तेज धूप निकलेगी और 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे उमस से राहत मिलेगी।
-
तेज हवाओं का अलर्ट: इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजीपुर, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा , मुरादाबाद और संभल जैसे जिलों में बारिश के साथ 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
