AR Rahman Live Show : ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान का मशहूर गाना ‘जय हो’ आज भी जब कानों में पड़ता है, तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं। अब सोचिए, यही गाना जब देश की सरहद पर गूंजेगा, तो माहौल कितना देशभक्ति से सराबोर होगा! जी हां, जल्द ही एआर रहमान बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के जांबाज जवानों को सम्मान देने के लिए अटारी बॉर्डर पर एक लाइव परफॉर्मेंस देने जा रहे हैं। इस बात की जानकारी आने वाली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के मेकर्स ने शेयर की है।
देश के वीरों के लिए एक खास शाम
इस बेहद खास और शानदार इवेंट को ‘जय हो-ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’ नाम दिया गया है। यह कार्यक्रम पंजाब के अटारी बॉर्डर पर बने जेसीबी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। रविवार को होने वाली पारंपरिक परेड सेरेमनी के दौरान, शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे के बीच एआर रहमान अपनी धुनों से समां बांधेंगे। मशहूर डायरेक्टर इम्तियाज अली की टीम द्वारा आयोजित यह परफॉर्मेंस हमारी सीमाओं की रक्षा करने वाले बीएसएफ जवानों के प्रति आभार जताने का एक अनोखा तरीका है।
इस बड़े इवेंट में कौन-कौन से सितारे पहुंच रहे हैं?
अटारी बॉर्डर पर होने वाले इस कार्यक्रम में सिर्फ एआर रहमान ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड की कई और बड़ी हस्तियां भी शिरकत करने वाली हैं। इस ट्रिब्यूट इवेंट में:
-
जाने-माने फिल्म डायरेक्टर इम्तियाज अली मौजूद रहेंगे।
-
युवाओं के चहेते एक्टर वेदांग रैना भी इसका हिस्सा बनेंगे।
-
अपनी जादुई आवाज के लिए मशहूर सिंगर मोहित चौहान, पूजा तिवारी और नरगिस भी सुरों का जादू बिखेरेंगी।
बड़े पर्दे पर आ रही है एक नई कहानी
आपको बता दें कि यह पूरा आयोजन इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की टीम की तरफ से किया जा रहा है। यह फिल्म इसी महीने 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। मेकर्स के मुताबिक, यह फिल्म प्यार, जज्बात और दर्द की एक बेहद खूबसूरत और अनोखी कहानी को पर्दे पर पेश करेगी। इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी वाघ जैसे बेहतरीन कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: Lucknow Weather: लखनऊ में आज 40 डिग्री पहुंचेगा पारा, चलेंगी गर्म हवाएं; जानें आपके शहर में कब आएगा मानसून।
